ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए भारतीय जवानों के नाम सार्वजनिक होने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए छह जवानों की जानकारी समय पर सार्वजनिक नहीं की गई और उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसके वे अधिकारी थे. वहीं, सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि शहीदों को पहले ही सार्वजनिक रूप से श्रद्धांजलि दी जा चुकी थी और पूरे मामले को तथ्यों से अलग तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है.
हाल
ही में रक्षा मंत्रालय की ओर से ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े छह शहीद जवानों के नाम सार्वजनिक
किए गए. इसके बाद विपक्ष ने सवाल उठाए कि यदि जवानों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान
दिया था तो उनकी जानकारी पहले सार्वजनिक क्यों नहीं की गई.
कांग्रेस
के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने इस मुद्दे को उठाते हुए रक्षा मंत्री के संसद में दिए
गए एक पुराने बयान का हवाला दिया. उनके अनुसार संसद में कहा गया था कि ऑपरेशन के दौरान
किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई थी. इस आधार पर कांग्रेस ने सवाल उठाया कि यदि जवान
शहीद हुए थे तो उस समय यह जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की गई.
पवन
खेड़ा ने कहा कि इस मामले में दो संभावनाएं सामने आती हैं—
या तो उस समय रक्षा मंत्री को शहादत की जानकारी नहीं थी या फिर संसद को पूरी जानकारी
नहीं दी गई. कांग्रेस ने इसे सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान से जुड़ा विषय बताते
हुए पारदर्शिता की मांग की.
वहीं
रक्षा मंत्रालय ने इन आरोपों का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि कुछ मीडिया रिपोर्ट और
सोशल मीडिया पोस्ट में तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है. मंत्रालय के अनुसार
यह कहना सही नहीं है कि शहीद जवानों को पहली बार अब सम्मान मिला है.
सरकार
की ओर से कहा गया कि 11 मई 2025 को आयोजित आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तत्कालीन
सैन्य अभियान महानिदेशक (DGMO) ने सार्वजनिक रूप से इन जवानों को श्रद्धांजलि दी थी.
इसके अलावा 14 अगस्त 2025 को जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में संबंधित वीरता पुरस्कारों
की जानकारी भी साझा की गई थी.
रक्षा
मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों के नाम दर्ज करने
की एक निर्धारित प्रक्रिया और प्रोटोकॉल है. सभी नाम उसी प्रक्रिया के अनुसार जोड़े
जाते हैं. इसलिए यह दावा कि नाम दर्ज करने में देरी हुई या पहली बार सम्मान दिया गया,
तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है.
मंत्रालय
के अनुसार शहीदों के परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सभी निर्धारित सहायता और
सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
गौरतलब
है कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत
कश्मीर (PoK) में आतंकवादी संगठनों से जुड़े नौ ठिकानों पर कार्रवाई की थी. सरकार ने
दावा किया था कि इस अभियान में बड़ी संख्या में आतंकियों को निष्क्रिय किया गया.
अब
यह मामला केवल सैन्य कार्रवाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राजनीतिक विमर्श का हिस्सा
बन गया है. आने वाले दिनों में संसद और राजनीतिक मंचों पर इस मुद्दे पर बहस और तेज
होने की संभावना है.












