बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अचानक अफरा तफरी मच गयी. जब एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर चप्पल फेंकी और बहस करने लगा. इस दौरान हमलावर ने कथित तौर पर पप्पू यादव पर चाकू से हमला करने की कोशिश की. इससे पहले पप्पू यादव के समर्थकों ने तुरंत हमलावर को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया.
सांसद पप्पू यादव ने संसद परिसर में हाल ही में हुए विरोध-प्रदर्शन और उन पर लगे आरोपों के बारे में अपना पक्ष रखने के लिए यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी. पप्पू पत्रकारों के सवालों का जवाब दे ही रहे थे कि तभी वहां मौजूद एक युवक अचानक आक्रामक हो गया. उस युवक ने संसद भवन परिसर में हुए विरोध-प्रदर्शन, पप्पू यादव के भगवा कपड़े पहनने के फैसले और सांसद अवधेश प्रसाद के पैरों में भगवान राम की मूर्ति रखने की घटना को लेकर सवाल उठाए.
यह भी पढ़ें: यूपी में सीएम योगी को लग सकता है झटका: 35% विधायकों के भविष्य पर मंडरा रहा खतरा!
घटना के बाद, सांसद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि यह जानलेवा हमला था और उनकी हत्या की गहरी साजिश का हिस्सा था. पप्पू यादव ने आरोप जड़ते हुए कहा, 'कुछ बाबा रोज कहते हैं- मुझे मार दो, जला दो, हम ₹51 लाख देंगे. हमने एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस अभी आरोपी को पकड़कर ले गई है. उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है.' सांसद पप्पू यादव ने घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय गृह मंत्रालय की भी कड़ी आलोचना की.
हंगामा राम मंदिर चंदा चोरी से जुड़ा है, जहां उन्होंने शुक्रवार को लोकसभा में एक नाटक के जरिए इस पर विरोध प्रदर्शन कर विरोध जताया था. मानसून सत्र के 10वें दिन पप्पू यादव भगवा चोला पहनकर साधु के वेश में दानपेटी लेकर संसद भवन पहुंचे थे. संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के विरोध में एक शॉर्ट प्ले किया गया था. पुजारी बनकर आए पप्पू यादव ने जमीन पर बैठे थे. इसके बाद राहुल गांधी समेत अन्य सांसदों ने उन्हें चंदा दिया. दान के पैसे पप्पू यादव पेटी में न डालकर अपने पास रख रहे थे. प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव अयोध्या सांसद के पैर छूते दिखाई दिए थे.
इसके बाद लखनऊ के एक हिंदूवादी नेता ने उनका सिर लाने वाले को 51 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया था.
पप्पू ने हमलावर को बचाया
हमले के बाद जब समर्थक हमलावर को पीटने लगे, तब पप्पू उठे और अपने समर्थकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन समर्थक नहीं माने और आरोपी को पीटते रहे. उसके बाद पप्पू ने भीड़ में घुसकर हमला करने वाले शख्स को अपने बगल में दबा लिया. हालांकि बाद में समर्थकों ने हमलावर को पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपी के पास एक चाकू होने की बात बताई गई है.












