देश की राजनीति में इन दिनों पेपर लीक का मामला गर्माया हुआ है. इसको लेकर आज लोकसभा में पेपर लीक से जुड़े 'पब्लिक एग्जामिनेशन (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' पर चर्चा शुरू हुई. इस संशोधन बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. प्रियंका गांधी ने सरकार से सवाल किया कि छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन चलाने का अधिकार किसने दिया. प्रियंका गांधी ने नए शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ऐसे व्यक्ति को शिक्षामंत्री बनाया जिसने गर्भवती महिला के बलात्कारियों की रिहाई पर सहमति व्यक्त की. इसके बाद सदन में सत्ता पक्ष ने जमकर हंगामा किया. बिल पर चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी सदन में मुस्कुराते हुए चुटकी भी लेते हुए दिखाई दी.
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रहलाद जोशी ने बिलकिस बानो के रेपिस्ट की रिहाई पर अपनी सहमति जताई. इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी, प्रह्लाद जोशी की छवि खराब कर रही हैं. उन्हें माफी मांगनी चाहिए. इस बीच सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि अगर प्रियंका गांधी अपना बयान वापस नहीं लेती हैं तो वे भी नेहरू को अय्याश कहने वाले बयान पर कायम हैं. इस दौरान प्रह्लाद जोशी ने भी कहा कि प्रियंका को अथॉन्टिकेट करना चाहिए. वे बिना नोटिस कैसे बोल सकती हैं. उनको माफी मांगनी चाहिए. पहले प्रियंका इस बात का सबूत दें और माफी मांगे.
इस बीच स्पीकर ने कहा कि मैं प्रियंका गांधी से कहूंगा कि बिना तथ्यों के इस तरह की बातें सदन में नहीं करें. इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि जोशी ने बिल्किस बानो के बलात्कारियों पर बयान दिया उसका प्रमाण मैं भेज दूंगी. इस बीच केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इन्होंने इंदिरा गांधी का नाम लिया है. आप हटा नहीं सकते हैं. इस पर सांसद निशिकांत ने कहा कि मैंने नेहरू का नाम लिया था और आज भी अपने बयान पर कायम हूं. इस बीच स्पीकर बिरला ने प्रियंका गांधी को टोकते हुए कहा कि सदन में इस बिल पर ही चर्चा होगी. आप सिर्फ विधेयक पर ही बोलें. इस दौरान प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रियंका गांधी को अपने बयानों को प्रमाणित करना चाहिए था. फैलाई जा रही गलत सूचना के संबंध में कार्रवाई की जानी चाहिए. क्या कोई कुछ भी कह सकता है और इससे बच सकता है? इस बीच संसदीय कार्य मंंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रियंका गांधी ने शिक्षा मंत्री पर जो टिप्पणी की वह चरित्र हनन है. इस तरह की भाषा का इस्तेमाल न करें. वह सीनियर लीडर हैं उन्हें जिम्मेदारी के साथ बोलना चाहिए.
प्रियंका गांधी ने पेपर लीक संशोधन बिल को लेकर कहा कि जब से ये विधेयक बना है, सरकार ने किसी अपराधी को सजा नहीं दी है. कल-परसों से प्रदर्शन करने वाले बच्चों के पते सार्वजनिक किए जा रहे हैं, लेकिन पेपर लीक करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. फास्ट ट्रैक कोर्ट का रिकॉर्ड पहले से ही खराब है. कल कोर्ट की कार्रवाई में सीबीआई अधिकारी नहीं पहुंचे. संसद में विपक्ष को दोषी ठहराने से काम नहीं चलेगा. जेनजी का भरोसा जीतना है तो प्रधानमंत्री मोदी को नए एंगल से वीडियो बनाने से काम नहीं चलेगा. पीएम मोदी को कैमरे का एंगल नहीं दिल का एंगल बदलना पड़ेगा. ये जेनरेशन झूठ पकड़ सकती है. देश के नौजवान न्याय मांग रहे हैं भीख नहीं. वे सरकार गिराने नहीं अपना भरोसा बचाने आए हैं. सरकार अपनी नीयत ठीक करें, अपनी अकड़ का इलाज करें. वादों पर अमल करें. आपके शासन में हमने बड़ी बड़ी चोरियां देखीं, चुनाव में वोट चोरी, राम मंदिर में चंदा चोरी, किसानों की जमीन चोरी देखी.
प्रियंका गांधी के संबोधन के दौरान सदन में सत्ता पक्ष ने कई बार हंगामा भी किया. इस प्रियंका गांधी ने कहा कि शांति से सुन लीजिए. आप अपने संबोधन में जितनी चोरी की बात करना चाहते हैं सब कर लीजिएगा. संबोधन के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को अपने सलाहकार बदलने चाहिए, नई नई कमेटी बनाने से कुछ नहीं होगा. अभी बनी नई कमेटी में तो एक गोमूत्र विशेषज्ञ भी हैं. इन्हें शिक्षा व्यवस्था के बारे में क्या पता है. प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में सरकार पर निशाना साधते हुए फिर कहा कि सबसे बड़ी चोरी देश के युवाओं के सपनों की चोरी है. अंत में प्रियंका गांधी ने चुटकी लेते हुए कहा कि स्पीकर सर भाषण खत्म, अब तो मुस्करा लीजिए. इस दौरान संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने प्रियंका गांधी के संबोधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी की स्पीच चुरा ली.
Priyanka Gandhi I Prahalad Joshi I Kiren Rijiju I Om Birla I Speaker Om Birla I Loksabha I Paperleak I Paperleak Bill I Political News I Sansad I











