PoliTalks News
विशेष रिपोर्ट

रसोई से नगर निगम की सियासत तक: कौन हैं जयपुर की पहली महिला डिप्टी मेयर सरोज कंवर?

26 सितंबर 2026
साझा करें:
रसोई से नगर निगम की सियासत तक: कौन हैं जयपुर की पहली महिला डिप्टी मेयर सरोज कंवर?

वार्ड 90 से पार्षद बनने के बाद सीधे डिप्टी मेयर की कुर्सी तक पहुंचीं सरोज कंवर, पति रणजीत सिंह सोडाला की राजनीतिक सक्रियता भी रही चर्चा में..

जयपुर नगर निगम की नई राजनीतिक तस्वीर में एक ऐसा नाम सामने आया है, जिसने स्थानीय राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है. वो नाम हे सरोज कंवर, जिन्होंने पहली बार चुनावी राजनीति में कदम रखा और वार्ड 90 से पार्षद चुने जाने के बाद अब जयपुर की डिप्टी मेयर बनी हैं. सरोज जयपुर की पहली महिला उप महापौर भी हैं. जयपुर नगर निगम के 2026 के चुनाव में 150 वार्डों के लिए मतदान हुआ था. वार्ड 90 उन वार्डों में शामिल था, जहां बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला हुआ.

 पहली बार चुनाव लड़ा और बनी उप महापौर

सरोज कंवर की राजनीतिक यात्रा अभी नई है. उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा और वार्ड 90 से पार्षद चुनी गईं. इसके बाद BJP ने उन्हें डिप्टी मेयर पद के लिए मैदान में उतारा. डिप्टी मेयर चुनाव में उनका मुकाबला कांग्रेस के सलमान मंसूरी से हुआ. उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के मुताबिक कुल 149 मत पड़े, जिनमें सरोज कंवर को 91 और सलमान मंसूरी को 58 वोट मिले. इस तरह पहली बार चुनावी मैदान में उतरीं सरोज कंवर ने पार्षद बनने के बाद सीधे नगर निगम के महत्वपूर्ण पद तक का सफर तय किया.

कौन हैं सरोज कंवर?

सरोज कंवर की पहचान अब तक मुख्य रूप से एक गृहिणी और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करने वाली महिला के तौर पर रही है. राजनीतिक मंच पर उनकी सक्रियता उनके पति रणजीत सिंह सोडाला की तुलना में कम दिखाई देती रही. यही वजह है कि डिप्टी मेयर के चुनाव में उनका नाम सामने आने के बाद जयपुर की राजनीति में उनके राजनीतिक सफर और पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर चर्चा तेज हुई. बीजेपी ने उन्हें महिला चेहरे के तौर पर आगे बढ़ाया. उनके चुनाव के बाद स्थानीय निकाय की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को लेकर भी चर्चा शुरू हुई है.

रणजीत सिंह सोडाला से जुड़ी राजनीतिक पृष्ठभूमि

सरोज कंवर के पति रणजीत सिंह सोडाला लंबे समय से भाजपा की राजनीति में सक्रिय रहे हैं. वे सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय बताए जाते हैं और रावणा राजपूत समाज से जुड़े रहे हैं. रणजीत सिंह सोडाला की राजनीतिक यात्रा बीजेपी से शुरू नहीं हुई थी. वर्ष 2008 में उन्होंने जयपुर की सिविल लाइंस विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था. इसके बाद उन्होंने भाजपा का रुख किया और संगठन में सक्रिय रहे. सरोज कंवर को टिकट मिलने के बाद उनके पति की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में आई. हालांकि, सरोज कंवर की अपनी चुनावी जीत को उनके वार्ड के स्थानीय समीकरणों और मतदाताओं के समर्थन के संदर्भ में देखना भी जरूरी है.

'घर से सीधे राजनीति' तक का सफर

सरोज कंवर की कहानी का सबसे दिलचस्प पहलू उनका राजनीतिक सफर है. लंबे समय तक घर-परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित रहने के बाद उन्होंने चुनावी राजनीति में कदम रखा. समाज से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी जरूर रही, लेकिन सक्रिय राजनीतिक मंच पर उनकी मौजूदगी अपेक्षाकृत कम रही. इसके उलट रणजीत सिंह सोडाला लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में नजर आते रहे हैं. अब तस्वीर बदल गई है. पहली बार चुनाव लड़ने वाली सरोज कंवर न केवल पार्षद बनीं, बल्कि नगर निगम के उपमहापौर पद तक भी पहुंच गईं.

जयपुर की राजनीति में बदला समीकरण

2026 के जयपुर नगर निगम चुनाव ने शहर की स्थानीय राजनीति में नए समीकरण सामने रखे. चुनाव में भाजपा ने 77 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस 52 वार्डों में विजयी रही. इसके बाद 25 सितंबर को भाजपा के सुनील कोठारी ने कांग्रेस की सुनीता मावर को हराकर जयपुर के मेयर का चुनाव जीता. कोठारी को 89 और मावर को 60 वोट मिले, जबकि एक पार्षद ने NOTA का विकल्प चुना. अब डिप्टी मेयर पद पर सरोज कंवर की ताजपोशी के साथ जयपुर नगर निगम में भाजपा की नई टीम का नेतृत्व ढांचा पूरा हो गया है.

सरोज कंवर के लिए चुनाव जीतना और डिप्टी मेयर बनना राजनीतिक सफर की शुरुआत भर है. पहली बार सक्रिय चुनावी राजनीति में आईं सरोज कंवर के सामने अब जयपुर जैसे बड़े शहर की नागरिक सुविधाओं, सफाई व्यवस्था, यातायात, विकास कार्यों और पार्षदों के साथ समन्वय जैसी कई जिम्मेदारियां होंगी. उनकी राजनीतिक पहचान अब सिर्फ रणजीत सिंह सोडाला की पत्नी के रूप में नहीं, बल्कि जयपुर नगर निगम की डिप्टी मेयर के रूप में बनेगी.

यही वजह है कि आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरोज कंवर इस नई जिम्मेदारी को किस तरह निभाती हैं और स्थानीय राजनीति में अपनी स्वतंत्र पहचान किस तरह स्थापित करती हैं.

PoliTalks News - Authoritative News Portal