PoliTalks News
बड़ी खबर

पंचायत चुनाव से पहले सांसद बेनीवाल का बड़ा मास्टरस्ट्रोक! 17 जिलों में प्रभारी-सह प्रभारी किए नियुक्त

26 सितंबर 2026
साझा करें:
पंचायत चुनाव से पहले सांसद बेनीवाल का बड़ा मास्टरस्ट्रोक! 17 जिलों में प्रभारी-सह प्रभारी किए नियुक्त

Hanuman Beniwal I Rajasthan I RLP

राजस्थान की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान के 17 जिलों में जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है.  इन नियुक्तियों का उद्देश्य संबंधित जिलों में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को गति देना और पार्टी संगठन को चुनावी मैदान के लिए सक्रिय करना है। बेनीवाल ने कहा कि नवनियुक्त प्रभारी और सह-प्रभारी अपने-अपने जिलों में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे, संभावित प्रत्याशियों और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों की जानकारी जुटाएंगे तथा पार्टी की चुनावी रणनीति को प्रभावी तरीके से धरातल पर लागू करने का काम करेंगे.

सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि RLP आगामी पंचायती राज चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और पार्टी का मुख्य लक्ष्य गांव-ढाणी तक संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आमजन, किसान, युवा और वंचित वर्गों की आवाज को स्थानीय लोकतांत्रिक संस्थाओं तक मजबूती से पहुंचाने के लिए पार्टी लगातार काम कर रही है। बेनीवाल ने नवनियुक्त प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों से संबंधित जिलों में लगातार दौरे और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने का आह्वान किया। साथ ही अधिक से अधिक योग्य एवं सक्रिय लोगों को पार्टी से जोड़ने और संभावित प्रत्याशियों की जमीनी स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए, ताकि पंचायत चुनाव में संगठन को मजबूत स्थिति में उतारा जा सके।

वहीं शनिवार को नागौर स्थित सांसद हनुमान बेनीवाल के आवास पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने सांसद से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया और उनके समाधान की मांग रखी। इस दौरान पंचायती राज चुनाव लड़ने के इच्छुक RLP कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने भी बेनीवाल से मुलाकात की। इन मुलाकातों को आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि 17 जिलों में प्रभारियों की नियुक्ति और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद शुरू होने के बाद RLP अब गांव-गांव तक अपनी चुनावी रणनीति को मजबूत करने में जुट गई है.


PoliTalks News - Authoritative News Portal