प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राजनीति में इस तरह की भाषा का कोई स्थान नहीं है और दिवंगत माता-पिता के बारे में ऐसी टिप्पणी करना पूरी तरह अनुचित है. उन्होंने कांग्रेस को राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी से पार्टी को राजनीतिक नुकसान होगा और जनता के बीच उसकी छवि और खराब होगी. सीएम भजनलाल ने कहा कि कांग्रेस को बहानेबाजी छोड़कर अपनी राजनीतिक विश्वसनीयता पर ध्यान देना चाहिए.
यह भी पढ़े: राजस्थान BJP में सब कुछ ठीक नहीं? सीपी जोशी के बयान ने खोली अंदरूनी कलह की पोल?
चुनावी हार पर कांग्रेस को आत्ममंथन की नसीहत
वही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर चुनावी हार को लेकर भी निशाना साधा और कहा कि लगातार मिल रही हार के कारणों पर पार्टी को आत्ममंथन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि संगठन की कमियों को दूर करने की जिम्मेदारी खुद संगठन की होती है, कोई दूसरा आकर उन्हें दूर नहीं कर सकता. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव हारने पर कभी ईवीएम तो कभी एसआईआर जैसे मुद्दों पर सवाल उठाती है, जबकि उसे जनता के बीच जाकर अपनी कमियों को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए. सीएम ने आगे कहा कि जनता अब अफवाहों और तुष्टीकरण की राजनीति के बजाय विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है.
'वन स्टेट, वन इलेक्शन' के संकल्प का किया जिक्र
निकाय और पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए सीएम भजनलाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ का संकल्प लिया था और अब प्रदेश में निकाय चुनाव संपन्न हो चुके हैं, जबकि पंचायती राज चुनाव की प्रक्रिया जारी है. जब भाजपा ने यह संकल्प लिया था, तब कांग्रेस नेताओं ने इस पर सवाल उठाए थे, लेकिन आज सरकार अपने संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ रही है. आगे सीएम शर्मा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान और मजदूर के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता साल के 365 दिन जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करते हैं और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है.
पंचायत चुनाव में बड़े बहुमत से जीत का दावा
वही इसके साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर भी बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, राज्य सरकार के विकास कार्य और भाजपा कार्यकर्ताओं की जनसेवा पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं. इन्हीं के दम पर भाजपा राजस्थान में आगामी पंचायती राज चुनावों में बड़े बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी. मुख्यमंत्री के इस बयान से साफ है कि भाजपा ने पंचायत चुनावों से पहले कांग्रेस पर राजनीतिक हमले तेज कर दिए हैं और चुनावी मैदान में विकास, सुशासन तथा विपक्ष की कथित विफलताओं को प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी कर ली है.
CM Bhajanlal Sharma, Bhajanlal Sharma Latest News, Rajasthan Politics, Congress vs BJP, Narendra Modi Father Controversy, Rajasthan Panchayat Election 2026













