बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह में आयोजित एक कार्यक्रम में जमकर लात-घूंसे चले. कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मिलकर पीएम मोदी के समर्थन करने वाले एक शख्स को जमकर पीटा. उसके बाद कार्यक्रम में हंगामा शुरू हो गया. पटना में हो रहे इस समारोह को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उनकी भाषा को लेकर भी हंगामा हुआ. प्रतिउत्तर में बीजेपी ने कांग्रेस को 'माफिया गैंग' कहकर संबोधित किया.
दरअसल, खड़गे जब बापू सभागार में भाषण दे रहे थे. तभी एक शख्स उठकर बोला कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं. जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, मोदी सरकार नहीं हटेगी. इस पर खड़गे गुस्सा होकर बोले- मोदी क्या उसका बाप भी जाएगा. यह बात उन्होंने 3 बार दोहराई. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उस शख्स की पिटाई कर दी.
इसके बाद बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर खड़गे का वीडियो शेयर करके लिखा- कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं. यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग प्रतीत होती है.
नीतीश पर साधा करारा तंज
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर संबोधन में करारे तंज कसे. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार सोशलिस्ट विचारधारा को लेकर आगे बढ़ें, लेकिन अब BJP-RSS की गोद में जाकर बैठ गए हैं. उन्होंने कहा कि जब आदमी के पास कमजोरी आती है, तब आईडियोलॉजी के ऊपर से विश्वास उठ जाता है. हमें तो सभी ने मारा, फिर भी हम और मेरे लीडर राहुल गांधी जिंदा है और लड़ रहे हैं. लोगों के लिए मर रहे हैं. जब तक इस देश में RSS की आईडियोलॉजी खत्म नहीं होगी, तब तक इस देश में शांति नहीं आएगी. शांति को भंग करने वाले यही लोग है. आज भी छुआछूत करने वाले लोग RSS में भरे पड़े हैं.
बिहार में पीएम मोदी की मां को अपशब्द कहे गए थे
बता दें कि बिहार के दरभंगा में 27 अगस्त 2025 को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान PM मोदी की मां को गाली दी गई थी. इसके विरोध में बिहार बंद किया गया और प्रदर्शन भी किए गए थे. पटना में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता में मारपीट भी हुई थी. कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई थी. अब पीएम के समर्थन में एक शख्स की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर राजनीति तेज होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है.











