PoliTalks News
बड़ी खबर

'गठबंधन से बीजेपी के पेट में दर्द', '200 सीट हक हमारा' पोस्टर पर भड़के अखिलेश

25 अक्टूबर 2026
साझा करें:
'गठबंधन से बीजेपी के पेट में दर्द', '200 सीट हक हमारा' पोस्टर पर भड़के अखिलेश

यूपी चुनाव 2027 से पहले पोस्टर पॉलिटिक्स तेज, अखिलेश ने पोस्टरों को बताया नकली; कांग्रेस ने भी किया किनारा, कहा- सभी 403 सीटों पर चल रही तैयारी

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं. इसी बीच प्रदेश के कई जिलों में लगे '200 सीट हक हमारा' के पोस्टरों ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. पोस्टरों पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तस्वीरें नजर आ रही हैं. हालांकि, इन्हें किसने लगवाया, यह अभी स्पष्ट नहीं है. इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा और इन पोस्टरों को नकली बताया.

'गठबंधन से बीजेपी के पेट में दर्द'

अखिलेश यादव ने पोस्टर विवाद को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए लिखा, 'गठबंधन' से भाजपा के पेट में हुआ दर्द, 'नक़ली पोस्टर' लगा रही, इतना गई डर. उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के संभावित गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है.


सपा अध्यक्ष ने सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए जाने के मामले में नगर निगम के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना निर्धारित शुल्क जमा किए सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं. उन्होंने इसके पीछे भ्रष्टाचार या शासन के दबाव की आशंका जताई.

अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) सरकार बनने पर ऐसे मामलों का हिसाब लिया जाएगा. उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) जैसी एजेंसियों को सक्रिय करने की बात भी कही.

अमेठी-सुल्तानपुर समेत कई जिलों में लगे पोस्टर

दरअसल, अमेठी, सुल्तानपुर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में '200 सीटें हक है हमारा' लिखे पोस्टर और होर्डिंग लगाए जाने की खबरें सामने आई हैं. इन पर कांग्रेस के प्रमुख नेताओं की तस्वीरें लगी हैं, लेकिन पोस्टर पर किसी व्यक्ति या संगठन का नाम नहीं होने से इन्हें लगवाने वालों की पहचान स्पष्ट नहीं है.

सपा और कांग्रेस के बीच विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी कोई औपचारिक समझौता सामने नहीं आया है. ऐसे में पोस्टरों को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं. हालांकि, पोस्टर लगाने वालों की पहचान और इसके पीछे की मंशा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है.

कांग्रेस ने कहा- पार्टी का अधिकृत पोस्टर नहीं

पोस्टर विवाद पर कांग्रेस की प्रवक्ता एवं मीडिया विभाग की उपाध्यक्ष प्रियंका गुप्ता ने स्पष्ट किया कि यह कांग्रेस पार्टी का अधिकृत बैनर नहीं है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में ऐसे कार्यकर्ता मौजूद हैं, जो चाहते हैं कि कांग्रेस इस बार पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरे.

प्रियंका गुप्ता के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारियां चल रही हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां भी चुनाव लड़ेगी, उसकी लड़ाई भाजपा और उसकी नीतियों के खिलाफ होगी. कांग्रेस के इस बयान से साफ है कि पार्टी ने पोस्टरों से आधिकारिक दूरी बनाए रखी है, लेकिन चुनाव में अपनी राजनीतिक सक्रियता और तैयारियों को लेकर भी संकेत दिए हैं.

चुनाव से पहले गठबंधन की राजनीति ने पकड़ा जोर

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा और कांग्रेस के संभावित गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं. ऐसे में '200 सीट हक हमारा' जैसे पोस्टरों ने सीटों के बंटवारे और दोनों दलों की चुनावी रणनीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

एक तरफ अखिलेश यादव ने पोस्टरों के बहाने BJP पर निशाना साधा है, वहीं कांग्रेस ने उन्हें पार्टी का अधिकृत प्रचार अभियान मानने से इनकार किया है. अब देखना होगा कि आगामी दिनों में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर क्या तस्वीर सामने आती है.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal