PoliTalks News
बड़ी खबर

साइकिल से गांव-गांव पहुंचे टीकाराम जूली, बोले- हेलिकॉप्टर वाली सरकार को नहीं दिखता किसानों का दर्द

26 अक्टूबर 2026
साझा करें:
साइकिल से गांव-गांव पहुंचे टीकाराम जूली, बोले- हेलिकॉप्टर वाली सरकार को नहीं दिखता किसानों का दर्द

Rajasthan Panchayat Election 2026: नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अलवर ग्रामीण में साइकिल से चुनाव प्रचार किया. भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हेलिकॉप्टर में घूम रही सरकार को किसानों का दर्द दिखाई नहीं देता.

Rajasthan Politics: राजस्थान में पंचायत चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अलवर ग्रामीण क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए पूरी ताकत झोंक दी.  कांग्रेस नेता जूली ने सादगी का संदेश देते हुए साइकिल पर सवार होकर गांव-गांव जनसंपर्क किया और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया. गांवों की गलियों, मोहल्लों और नुक्कड़ों तक साइकिल से पहुंचने का उनका अंदाज चर्चा का विषय बना रहा. पिछले कई दिनों से अलवर में पंचायत चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे जूली ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और महंगाई, किसानों की परेशानी तथा ग्रामीण विकास के मुद्दों को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा.

टीकाराम जूली ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल समेत हर चीज महंगी हो चुकी है और किसानों के लिए कर्ज की किस्तें चुकाना मुश्किल हो रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार हेलिकॉप्टरों में घूम रही है, इसलिए उसे किसानों का दर्द दिखाई नहीं देता. मैं आज इसलिए साइकिल पर लोगों के बीच पहुंच रहा हूं, ताकि उनकी परेशानियां सुन सकूं. टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ग्रामीण विकास और किसानों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह उदासीन बनी हुई है. गांवों में बिजली, पानी और खाद की किल्लत से किसान और आमजन परेशान हैं, लेकिन सरकार समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है. उन्होंने कहा कि गांवों का विकास सिर्फ घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने और ग्रामीणों की जरूरतों को समझने से होता है.

वही पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी कांग्रेस नेता जूली ने भाजपा सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को भुला दिया गया. आज सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने की बात तक नहीं करती. एक तरफ सरकार के मंत्री हेलिकॉप्टरों में घूम रहे हैं, तो दूसरी तरफ किसान महंगे डीजल की मार झेलने को मजबूर हैं. खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे किसानों के लिए फसल उगाना, ट्रैक्टर चलाना और कृषि उपकरणों का खर्च उठाना मुश्किल होता जा रहा है. किसानों की आमदनी और खर्च के बीच बढ़ते अंतर के कारण उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है. जूली ने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार बताए कि किसानों को राहत देने के उसके चुनावी वादों का आखिर क्या हुआ?

चुनाव प्रचार के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने किसानों, आम उपभोक्ताओं और ग्रामीण परिवारों को राहत देने के लिए मुफ्त बिजली सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की थीं. इन योजनाओं का उद्देश्य महंगाई से राहत दिलाना और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना था. जूली ने कहा कि किसी भी सरकार की पहली जिम्मेदारी किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना, बिजली-पानी की पर्याप्त व्यवस्था करना और आमजन को महंगाई से राहत देना है. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा भाजपा सरकार इन जिम्मेदारियों को निभाने में नाकाम साबित हो रही है और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है.

वहीं, चुनाव प्रचार के आखिरी दिन टीकाराम जूली ने अलवर ग्रामीण क्षेत्र में आठ सभाओं को संबोधित किया और विभिन्न गांवों में जनसंपर्क किया. इस दौरान उन्होंने साइकिल से गांवों की गलियों और सड़कों पर घूमकर लोगों से मुलाकात की. सभाओं में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली और जूली ने लोगों से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की. जयपुर में पार्टी की बैठकों और प्रदर्शनों में सक्रिय रहने के साथ-साथ जूली लगातार अलवर ग्रामीण क्षेत्र में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. प्रचार के अंतिम दिन साइकिल से जनसंपर्क और भाजपा सरकार की नीतियों पर उनके तीखे सवालों ने स्थानीय राजनीतिक माहौल में चर्चा बटोरी.


Tikaram Jully, Tikaram Jully News, Tikaram Jully Cycle Campaign, Rajasthan Panchayat Election 2026, Rajasthan Panchayat Chunav, Alwar Panchayat Election, Alwar Rural News, Tikaram Jully Statement, Bhajan Lal Sharma, Bhajanlal Government

वीडियो

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal