सुभाष बराला की जीवनी (Subhash Barala Biography in Hindi)
Subhash Barala Latest News - सुभाष बराला हरियाणा से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राज्यसभा सांसद हैं. हरियाणा की राजनीति में संगठनात्मक कार्यों के जरिए अपनी पहचान बनाने वाले बराला ने भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक की जिम्मेदारी संभाली है. वे वर्ष 2014 में टोहाना विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे. इसी वर्ष नवंबर में उन्हें हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया और वे 2020 तक इस पद पर रहे. वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद फरवरी 2024 में भाजपा ने उन्हें हरियाणा से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया और वे निर्वाचित हुए. इस लेख में हम आपको सुभाष बराला के जीवन परिचय (Subhash Barala Biography in Hindi) के बारें में जानकारी देने वाले है.
सुभाष बराला जन्म और परिवार (Subhash Barala Birth & Family)
सुभाष बराला (Subhash Barala) का जन्म 5 दिसंबर 1967 को हरियाणा के टोहाना तहसील के डांगरा गांव में हुआ था. उनके पिता का नाम राम नाथ (Shri Ram Nath) और माता का नाम लक्ष्मी देवी (Shrimati Lakshmi Devi) है.
उनका विवाह 16 फरवरी 1991 को दर्शना (Shrimati Darshna) से हुआ. उनके एक बेटा और एक बेटी हैं. मायनेता वेबसाइट के अनुसार उनकी पत्नी गृहणी (House Wife) हैं.
सुभाष बराला हिन्दू हैं और वे जाति से जाट हैं. सुभाष बराला पर 0 आपराधिक मामले हैं. (स्रोत: myneta.info -2019)
स्थायी पता : हाउस नंबर 141, एपेक्स कॉलेज के पास, डांगरा (89), तहसील टोहाना, जिला फतेहाबाद, (हरियाणा) - 125120
दूरभाष- 9050045312
वर्तमान पता : बंगला नं. 10, डॉ. राजेंद्र प्रसाद रोड, नई दिल्ली - 110001
सुभाष बराला की शिक्षा (Subhash Barala Education)
सुभाष बराला ने कर्नाटक के तुमकुर स्थित एच.एम.एस. पॉलिटेक्निक से वर्ष 1987 में इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया. उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक और राजनीतिक विज्ञान में एमए भी किया है. वर्तमान में, वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से लोक प्रशासन में पीएचडी कर रहे हैं.
(स्रोत: राज्यसभा की आधिकारिक वेबसाइट / मायनेता वेबसाइट)
सुभाष बराला का शुरुआती जीवन (Subhash Barala Early life)
सुभाष बराला का शुरुआती जीवन सहकारी संस्थाओं और किसान संगठनों से जुड़ा रहा. मीडिया को दिए गए एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया था कि वर्ष 1995-96 में वे फतेहाबाद जिले की एक चीनी मिल के निदेशक चुने गए और बाद में निदेशक मंडल के उपाध्यक्ष बने. इसी दौरान वे हरियाणा शुगर फेडरेशन के निदेशक भी निर्वाचित हुए. सहकारी संस्थाओं में काम करने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा.
सुभाष बराला राजनीतिक करियर (Subhash Barala Political Career)
सुभाष बराला ने वर्ष 1996 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेकर अपने राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की. वर्ष 1998 में उन्हें फतेहाबाद जिले में भाजपा युवा मोर्चा का जिला सचिव बनाया गया. इस पद पर वे वर्ष 2000 तक रहे. इसके बाद वर्ष 2000 से 2003 तक उन्होंने हरियाणा भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहें. आगे चलकर वे फतेहाबाद में भाजपा के जिला अध्यक्ष और तीन कार्यकाल तक हरियाणा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे. वर्ष 2012 में उन्हें हरियाणा भाजपा का प्रदेश महामंत्री बनाया गया.
वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें फतेहाबाद जिले की टोहाना सीट से उम्मीदवार बनाया. इस चुनाव में उन्होंने इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के निशान सिंह को 6,906 वोटों से हराकर पहली बार विधानसभा पहुंचे. विधायक बनने के करीब एक महीने बाद 25 नवंबर 2014 को उन्हें हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया. उन्होंने वर्ष 2014 से 2020 तक इस पद पर काम किया. वर्ष 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर उन्हें टोहाना सीट से उम्मीदवार बनाया. हालांकि इस बार वे जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के देवेंद्र सिंह बबली से हार गए. बबली को 1,00,752 वोट मिले, जबकि सुभाष बराला को 48,450 वोट मिले. इस तरह वे 52,302 वोटों के अंतर से चुनाव हार गए. वर्ष 2020 में उन्हें हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज का अध्यक्ष बनाया गया. उन्होंने 2023 तक इस पद पर काम किया. नवंबर 2023 से फरवरी 2024 तक वे हरियाणा किसान कल्याण प्राधिकरण की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष भी रहे.
फरवरी 2024 में भाजपा ने उन्हें हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया. उनके नामांकन के बाद वे निर्विरोध निर्वाचित हुए और 3 अप्रैल 2024 को राज्यसभा सांसद के रूप में उनका पहला कार्यकाल शुरू हुआ. राज्यसभा सांसद के रूप में वे कई संसदीय समितियों के सदस्य रहें. वे सितंबर 2024 से रसायन एवं उर्वरक संबंधी समिति और अक्टूबर 2024 से विद्युत मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के सदस्य हैं. अगस्त 2024 से वे रेवाड़ी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सदस्य भी हैं. फरवरी 2026 से वे भारत-ओमान संसदीय मैत्री समूह के सदस्य हैं. राज्यसभा सदस्य के तौर पर उनका यह कार्यकाल अप्रैल 2030 तक निर्धारित है.
सुभाष बराला की संपत्ति (Subhash Barala Property)
वर्ष 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए हलफनामे के अनुसार सुभाष बराला की कुल संपत्ति 5.40 करोड़ रुपये है, जबकि उन पर 25 लाख रुपये का कर्ज है.
इस लेख में हमने आपको सुभाष बराला जीवनी (Subhash Barala Biography in Hindi) के बारे में जानकारी दी है. अगर आपका कोई सुझाव है तो हमें कमेंट करके जरूर बताएं.












