PoliTalks News
विशेष रिपोर्ट

शरद पवार द्वारा 'परिसीमन विधेयक को समर्थन' ऐसा राजनीतिक खेल, जिसे बहुत कम लोग समझ पाते हैं!

28 नवंबर 2026
साझा करें:
शरद पवार द्वारा 'परिसीमन विधेयक को समर्थन' ऐसा राजनीतिक खेल, जिसे बहुत कम लोग समझ पाते हैं!

INDIA गठबंधन में कांग्रेस के विरोध के बीच NCP-SP का समर्थन, सत्ता में शामिल होने की चर्चाओं ने पकड़ा जोर, राज ठाकरे ने तीन साल पुरानी भविष्यवाणी याद दिलाकर पवार की राजनीति पर उठाए सवाल

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) पार्टी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. परिसीमन विधेयक पर समर्थन के ऐलान के बाद शरद पवार और उनकी NCP-SP के सत्ताधारी एनडीए गठबंधन के करीब जाने की चर्चा शुरू हो गई है. दरअसल NCP-SP ने 'इंडिया गठबंधन' का हिस्सा होने के बावजूद इस विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है, जबकि कांग्रेस कांग्रेस परिसीमन विधेयक का विरोध कर रही है.

ये भी सामने आ रहा है कि गठबंधन के ऐवज में केंद्र में पार्टी की सांसद सुप्रिया सूले और विधानसभा में पार्टी के एक विधायक को मंत्री पद सौंपा जाएगा. इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले को निशाने पर लिया. इस पूरे घटनाक्रम पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने शरद पवार पर निशाना साधते हुए उनकी तीन साल पुरानी भविष्यवाणी का जिक्र किया है.

राज ठाकरे ने याद दिलाया तीन साल पुराना बयान

राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए शरद पवार की राजनीति पर टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि 2 जुलाई 2023 को जब अजित पवार के नेतृत्व में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का एक गुट अलग होकर बीजेपी के साथ सरकार में शामिल हुआ था, तब उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि दूसरा गुट भी कुछ समय बाद सत्ता की ओर बढ़ेगा.

राज ठाकरे के मुताबिक, उस समय उन्होंने कहा था कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों के बीच राजनीतिक टकराव के बावजूद भविष्य में दूसरा गुट भी सत्ता में शामिल हो सकता है. अब परिसीमन विधेयक पर NCP-SP के समर्थन के बाद उन्हें अपना वही पुराना अनुमान सही होता दिखाई दे रहा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछले तीन साल से दोनों गुटों के बीच लड़ाई का राजनीतिक प्रदर्शन होता रहा और अब दूसरा गुट भी सत्ता की दिशा में आगे बढ़ता नजर आ रहा है. राज ठाकरे ने इसे शरद पवार की राजनीति का ऐसा खेल बताया, जिसे बहुत कम लोग समझ पाते हैं.

2023 में भी पवार की रणनीति पर उठाए थे सवाल

दरअसल, जुलाई 2023 में अजित पवार अपने समर्थक विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे सरकार में शामिल हो गए थे. इस घटनाक्रम के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था. उस समय भी राज ठाकरे ने शरद पवार की राजनीतिक रणनीति को लेकर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का एक गुट सत्ता में शामिल हो चुका है और समय आने पर दूसरा गुट भी उसी दिशा में आगे बढ़ सकता है. राज ठाकरे ने यह भी कहा था कि शरद पवार को उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ना था और इसकी शुरुआत हो चुकी है.

कांग्रेस की नाराजगी और गठबंधन की राजनीति

परिसीमन विधेयक पर NCP-SP के समर्थन ने INDIA गठबंधन के भीतर मतभेदों को भी चर्चा में ला दिया है. कांग्रेस के विरोध के बावजूद शरद पवार की पार्टी का अलग रुख अपनाना विपक्षी एकजुटता के लिहाज से अहम माना जा रहा है. इसी बीच राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि संभावित समझौते के तहत सुप्रिया सुले को केंद्र में और पार्टी के किसी विधायक को महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद मिल सकता है. हालांकि, इन चर्चाओं और संभावित राजनीतिक समझौते को लेकर किसी तरह की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

महाराष्ट्र की राजनीति पर राज ठाकरे की पुरानी चिंता

राज ठाकरे ने 2023 में महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा था कि राज्य की राजनीति में जिस तरह सत्ता के लिए जोड़-तोड़ हो रही है, उससे देश के सामने महाराष्ट्र की छवि प्रभावित हो रही है. उन्होंने जनता से सवाल किया था कि क्या लोग सत्ता के इस खेल को चुपचाप देखते रहेंगे या चुनाव में अपना फैसला सुनाएंगे. फिलहाल परिसीमन विधेयक पर NCP-SP के समर्थन और राज ठाकरे की टिप्पणी ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है. अब निगाहें इस बात पर हैं कि शरद पवार का यह राजनीतिक रुख INDIA गठबंधन के भीतर क्या असर डालता है और क्या महाराष्ट्र में आने वाले दिनों में कोई नया सियासी समीकरण आकार लेता है.

PoliTalks News - Authoritative News Portal