उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ही राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए एक नया ओपिनियन पोल चर्चा का विषय बन गया है. SCORE इंटेलिजेंस के इस सर्वे में अखिलेश यादव की अगुवाई वाली सपा और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच बेहद करीबी मुकाबले का अनुमान जताया गया है. खास बात यह है कि वोट शेयर के मामले में सपा मामूली बढ़त बनाती दिखाई दे रही है. वहीं, कांग्रेस के साथ गठबंधन की स्थिति में विपक्षी INDIA गठबंधन के सीटों का आंकड़ा बहुमत की सीमा पार कर सकता है. हालांकि, अलग-अलग चुनाव लड़ने की स्थिति में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को भी बढ़त मिलने का अनुमान है.
दरअसल, SCORE इंटेलिजेंस एजेंसी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपना पहला ओपिनियन पोल जारी किया है. सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच मुकाबला काफी करीबी रहने का अनुमान है. सर्वे में 91,429 मतदाताओं को शामिल किया गया. इसके नतीजे बताते हैं कि चुनाव से पहले ही यूपी में राजनीतिक मुकाबले का गणित दिलचस्प हो गया है.
वोट शेयर में सपा और बीजेपी के बीच मामूली अंतर
SCORE इंटेलिजेंस के सर्वे का एक अहम पहलू राजनीतिक दलों के संभावित वोट शेयर के आंकड़े हैं. सर्वे के मुताबिक, समाजवादी पार्टी को 36.98 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है, जबकि बीजेपी को 36.69 फीसदी वोट मिल सकते हैं. इस तरह वोट शेयर के मामले में सपा को बीजेपी पर 0.29 प्रतिशत की मामूली बढ़त मिलती दिखाई गई है.
अन्य दलों की बात करें तो बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 11.45 फीसदी, कांग्रेस को 7.67 फीसदी और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) को 2.54 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है.
वहीं, अनुप्रिया पटेल की अपना दल (सोनेलाल) को 1.23 फीसदी, जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) को 1.15 फीसदी, ओपी राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 0.80 फीसदी और संजय निषाद की निषाद पार्टी को 0.51 फीसदी वोट मिलने की संभावना जताई गई है. राजा भैया की जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 0.12 फीसदी और अन्य दलों को 0.87 फीसदी वोट मिल सकते हैं.
गठबंधन बना तो बदल सकता है सीटों का गणित
उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 202 सीटों की आवश्यकता होती है. सर्वे में सपा और कांग्रेस के गठबंधन तथा अलग-अलग चुनाव लड़ने की स्थितियों के आधार पर सीटों का अनुमान दिया गया है.
यदि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ती हैं तो INDIA गठबंधन को 174 से 219 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं, बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को 181 से 226 सीटें मिल सकती हैं. यानी दोनों गठबंधनों के अनुमानित सीटों के दायरे बहुमत के आंकड़े को छूते हैं.
दूसरी ओर, सपा और कांग्रेस के अलग-अलग चुनाव लड़ने की स्थिति में बीजेपी को 177 से 215 सीटें और समाजवादी पार्टी को 160 से 202 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. अन्य दलों में आरएलडी को 10, अपना दल (सोनेलाल) को 5, सुभासपा को 3 से 5, निषाद पार्टी को 1 से 3, कांग्रेस को 2, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक को 2 और बसपा को 1 सीट मिलने का अनुमान है.
सर्वे में 42 विधानसभा सीटों पर मुकाबला इतना करीबी बताया गया है कि फिलहाल वहां किसी एक दल को स्पष्ट बढ़त नहीं दी गई है. ऐसे में इन सीटों पर चुनावी परिणामों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.
मुख्यमंत्री पद की पसंद में योगी आदित्यनाथ सबसे आगे
सर्वे में मुख्यमंत्री पद के लिए मतदाताओं की पसंद को लेकर भी सवाल किया गया. इसके जवाब में 35.29 फीसदी लोगों ने योगी आदित्यनाथ को अपनी पहली पसंद बताया. वहीं, 26.50 फीसदी मतदाताओं ने अखिलेश यादव और 8.59 फीसदी ने बसपा प्रमुख मायावती के पक्ष में राय दी.
इस तरह मुख्यमंत्री पद की पसंद के मामले में योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच अंतर दिखाई देता है. यह आंकड़ा वोट शेयर और सीटों के अनुमान से अलग मतदाताओं की व्यक्तिगत पसंद को दर्शाता है.
चुनाव से पहले ही तेज हुई सियासी हलचल
हालांकि चुनावी सर्वे पोल परिणाम का समर्थन नहीं करता लेकिन यूपी में योगी की लहर और सपा-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर चल रही अनबन के बीच अखिलेश यादव के लिए यह खबर निश्चित तौर पर सुखदभरी होगी.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2027 में होने की संभावना है. हालांकि, चुनाव आयोग ने अभी तक आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं किया है. ऐसे में SCORE इंटेलिजेंस का यह सर्वे राजनीतिक दलों के लिए चुनावी रणनीति और गठबंधन के समीकरणों पर चर्चा का एक नया आधार बन गया है.









