असम चुनाव: कांग्रेस की नई सूची पर विवाद, आलाकमान तक पहुंची शिकायत

अब तक 65 नामों का ऐलान कर चुकी है कांग्रेस असम विधानसभा चुनाव के लिए, 15 सीटें सहयोगी दलों के लिए भी छोड़ी, 126 सीटों पर होने हैं चुनाव

असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है. इस सूची में पार्टी ने 23 अहम सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं. इससे पहले कांग्रेस 42 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी थी. इस तरह अब तक पार्टी कुल 65 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतार चुकी है.

गठबंधन की रणनीति को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने अपने सहयोगी दलों के लिए 15 सीटें छोड़ने का फैसला किया है. नई सूची जारी होने के बाद राज्य में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है, लेकिन इसके साथ ही पार्टी के भीतर विवाद भी सामने आने लगे हैं.

सृजनग्राम सीट से उम्मीदवार पर उठे सवाल

दूसरी सूची में कांग्रेस ने सृजनग्राम विधानसभा सीट से नूरुल इस्लाम को अपना उम्मीदवार बनाया है. उनके नाम की घोषणा के बाद पार्टी के कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई है.

यह भी पढ़ें: ‘क्या राष्ट्रीय सुरक्षा की परिभाषा अब…’- सोनम वांगचुक की रिहाई पर गहलोत का बड़ा बयान

कार्यकर्ताओं का आरोप है कि टिकट वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती गई और पार्टी के असम प्रभारी भूपेंद्र यादव पर भ्रष्टाचार एवं पैसे लेकर टिकट देने के आरोप लगाए गए हैं.

प्रियंका गांधी को भेजी गई शिकायत

मामले को लेकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं वायनाड सांसद प्रियंका गांधी को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई है. पत्र में टिकट वितरण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की गई है.

पार्टी नेतृत्व की ओर से फिलहाल इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीदवारों की सूची को लेकर असम कांग्रेस में असंतोष की चर्चा तेज हो गई है.