Punjab Nikay Chunav Results: 'पश्चिम बंगाल के बाद 2027 में पंजाब को जीतने की बारी' की बात कहने वाली भारतीय जनता पार्टी के अरमानों पर तब पानी फिर गया, जब स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी को मुंह की खानी पड़ी. 8 नगर निगमों में से 5 में आम आदमी पार्टी ने पूर्ण रूप से कब्जा जमाया. कांग्रेस और बीजेपी को एक-एक निकाय में बहुमत मिला, जबकि पठानकोट में बीजेपी को 22 सीटें मिली हैं. हालांकि यहां आप (10) और कांग्रेस (18) का संयुक्त मेयर चुना जाना तय है. कुल 1969 वार्ड में से आप को 954, कांग्रेस को 393, अकाली दल को 192 और बीजेपी को 172 पर जीत मिली है. 258 वार्ड पर अन्य ने विजयी पताका फहरायी है.
बता दें कि पंजाब में 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के चुनाव के नतीजे घोषित किए गए. इसमें आम आदमी पार्टी (AAP) का दबदबा दिखा है. कांग्रेस दूसरे और आजाद उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रही. कमबैक के दावे वाला अकाली दल भी चौथे नंबर पर रही जबकि बीजेपी सबसे पीछे रही. हालांकि बीजेपी को अबोहर नगर निगम में जीत हासिल हुई है.
बठिंडा, मोगा, मोहाली और बटाला में आम आदमी पार्टी को बहुमत मिला है. बरनाला में हुए पहली बार के निकाय चुनावों में भी आप ने एक तरफा जीत दर्ज की. कपूरथला में कांग्रेस और अबोहर में BJP को बहुमत मिला. पठानकोट में किसी को बहुमत नहीं मिला. यहां रिकाउंटिंग के चलते एक सीट पर विवाद चल रहा है.
शिरोमणि अकाली दल ने आरोप लगाया कि रिकाउंटिंग कराकर नतीजा बदला गया है. वार्ड-47 में उनके उम्मीदवार सोनी के साथ धक्केशाही की गई. पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसके विरोध में पठानकोट-जम्मू हाईवे जाम कर दिया. निकाय चुनावों में 1100 से ज्यादा उम्मीदवारों की जमानत जब्त हुई है.
इससे पहले हुए 7 निकाय चुनावों में तीन नगर निगमों में कांग्रेस और दो-दो में क्रमश: आम आदमी पार्टी और बीजेपी के मेयर विराजमान थे. बरनाला में पहली बार चुनाव हुए हैं, जिसमें आप ने 50 में से 36 वार्ड में जीत हासिल की.
Punjab I Punjab Politics I Punjab News I Nikay Chunav I Bhagwant Mann I Arvind kejriwal I AAP I AAP Party













