Rajasthan Nikay Chunav 2026: नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत का BJP सरकार पर बड़ा हमला, पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनाव कांग्रेस और प्रदेश की जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण अवसर हैं. गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में प्रदेश के शहरों की घोर उपेक्षा हुई है और आम जनता में सरकार के प्रति भारी आक्रोश है. उन्होंने कहा कि शहरों की सड़कें टूटी पड़ी हैं, जगह-जगह गड्ढे हैं और बारिश से पहले नालों की सफाई नहीं होने के कारण कई शहरों में जलभराव की स्थिति बनी. गहलोत ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने कोविड जैसी विषम परिस्थितियों में भी 10 लाख से अधिक पट्टे वितरित किए थे, जबकि भाजपा सरकार सामान्य परिस्थितियों में भी ढाई साल में एक लाख पट्टे तक नहीं दे सकी.
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पेंशन, निशुल्क दवाएं, चिरंजीवी बीमा, छात्रवृत्ति, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार योजना और इंदिरा रसोई जैसी जनहितकारी योजनाएं भाजपा सरकार में या तो बंद कर दी गईं या फिर कागजों तक सीमित रह गईं. उन्होंने आरोप लगाया कि शहरों में आवारा पशु, चरमराई सफाई व्यवस्था, बढ़ता भ्रष्टाचार और बेकाबू ट्रैफिक जाम आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुके हैं, लेकिन सरकार के पास इन समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है. पूर्व CM अशोक गहलोत आगे ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने शहरी विकास का एक मॉडल तैयार किया था, जिसके तहत कोटा को सिग्नल-फ्री बनाया गया, जयपुर के सात बड़े चौराहों को सिग्नल-फ्री करने का काम शुरू हुआ और कई फ्लाईओवर व अंडरपास बनाए गए, लेकिन भाजपा सरकार कांग्रेस शासन में स्वीकृत प्रोजेक्ट्स को भी आगे नहीं बढ़ा सकी.
वही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने निकाय चुनाव में मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि पार्षद और मेयर का चुनाव महज राजनीतिक फैसला नहीं है, बल्कि इससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े मुद्दे तय होंगे. उन्होंने कहा कि वोट से यह तय होगा कि वार्ड की टूटी सड़कें बनेंगी या नहीं, बंद सीवरेज लाइन ठीक होगी या नहीं, लोगों को साफ पानी मिलेगा या मकानों के पट्टे मिलेंगे। गहलोत ने दावा किया कि पिछले ढाई साल में सफाई व्यवस्था चरमरा गई, पट्टे नहीं मिल रहे और कांग्रेस सरकार के समय शुरू किए गए कई काम अधूरे पड़े हैं. उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार की सारी हदें पार करने और जनता की सुनवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया.
इतना ही नहीं अंत में अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो को लेकर भी निशाना साधा और दावा किया कि रोड शो के फ्लॉप होने से जनता का मूड साफ दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि 9 और 11 सितंबर को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव में जनता भाजपा को वोट की चोट दे, ताकि सरकार को अपनी नीतियों और कामकाज का अहसास हो. पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा की हार से ही सरकार की नींद खुलेगी और शायद इसके बाद ‘डबल इंजन’ सरकार जनता के लिए काम करने का प्रयास करेगी. उन्होंने प्रदेशवासियों से कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस बोर्ड बनने से प्रदेश के विकास को फिर रफ्तार मिलेगी और भाजपा को आगामी पंचायतीराज एवं विधानसभा चुनावों में भी अपनी स्थिति का अंदाजा हो जाएगा.
Rajasthan Nikay Chunav 2026, Rajasthan Municipal Election 2026, Ashok Gehlot, Ashok Gehlot Statement, Rajasthan Congress, BJP Government Rajasthan, Rajasthan Politics, राजस्थान निकाय चुनाव, अशोक गहलोत, कांग्रेस निकाय चुनाव, राजस्थान कांग्रेस, BJP vs Congress Rajasthan, नगर निकाय चुनाव 2026, कांग्रेस प्रत्याशी, BJP सरकार, गहलोत की अपील, राजस्थान राजनीतिक खबरें.













