JJM घोटाला: आरोपी सुबोध अग्रवाल ने सुधांश पंत पर फोड़ा ठीकरा, हिला प्रशासनिक गलियारा!

960 करोड़ के जल जीवन मिशन घोटाले में नया मोड़, रिमांड के बाद कोर्ट में पेशी के दौरान बड़ा बयान

Rajasthan JJM Scam: राजस्थान के बहुचर्चित ‘जल जीवन मिशन’ घोटाले में नया मोड़ उस समय आया, जब आरोपी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल ने अपनी चुप्पी तोड़ी. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेशी के दौरान सुबोध अग्रवाल ने सीधे तत्कालीन प्रशासनिक व्यवस्था और पूर्व मुख्य सचिव सुधांश पंत पर निशाना साधकर मामले को पूरी तरह से व्यक्तिगत वार-पलटवार में तब्दील कर दिया. कोर्ट परिसर के बाहर मीडिया से मुखातिब होते हुए सुबोध अग्रवाल ने बड़ा खुलासा करते हुए लगाए जा रहे आरोपों को राजनीति और चुनिंदा जांच से प्रेरित बताया और मामले की सुई सुधांश पंत की ओर घुमा दी.

अग्रवाल के बयान ने ब्यूरोक्रेसी में खलबली मचा दी है, क्योंकि उन्होंने सीधे तौर पर एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी को इस घोटाले के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया है. सुबोध अग्रवाल की ओर से सुधांश पंत का नाम लिए जाने के बाद अब सबकी नजरें एसीबी के अगले कदम पर हैं.

यह भी पढ़ें: कांग्रेस में राहुल को हटाने की चल रही तैयारी’-देवेंद्र फडणवीस का बड़ा दावा

वहीं सुबोध अग्रवाल ने दावा किया, ‘फाइनेंस कमेटी के जिन 37 संदिग्ध प्रकरणों को लेकर शोर मचाया जा रहा है, उनकी हकीकत कुछ और ही है. इनमें से मेरे कार्यकाल के केवल 4 केस हैं. बाकी के 33 प्रकरण सुधांश पंत के समय के हैं, जिनमें करीब 600 करोड़ रुपये का लेनदेन जुड़ा है.’

अग्रवाल ने एसीबी की कार्यप्रणाली को भी संदेह के घेरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां असली भ्रष्टाचार को छोड़कर केवल फाइलें खंगालने में जुटी हैं लेकिन जहां वास्तव में पैसा देकर गबन हुआ, वहां जांच नहीं हो रही. एसीबी उन फाइलों की पड़ताल कर रही है जिनमें अभी तक भुगतान तक नहीं हुआ है. उन्होंने ये भी दावा किया कि कहा कि इस मामले में उन्होंने स्वयं जांच के आदेश दिए थे.

दो दिन के रिमांड पर भेजा

जल जीवन मिशन (JJM) से जुड़े 960 करोड़ रुपए के घोटाले में गिरफ्तार रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल को आज एक बार फिर एसीबी कोर्ट में पेश किया गया. सुबोध अग्रवाल को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है. 10 अप्रैल को भी उसे ACB कोर्ट ने 3 दिन की रिमांड पर भेजा था. एसीबी ने सुबोध अग्रवाल से सवाल-जवाब के लिए करीब 125 सवालों की विस्तृत सूची तैयार की थी. इन्हीं सवालों के आधार पर पिछले तीन दिनों में उनसे लंबी पूछताछ की गई थी.

शीर्ष पदों तक पहुंच सकती है घोटाले की आग

बड़ा सवाल ये है कि आरोपी सुबोध अग्रवाल की ओर से सुधांश पंत का नाम लिए जाने के बाद क्या ब्यूरो उन 33 फाइलों की भी पड़ताल करेगा जिनका जिक्र अग्रवाल ने किया है या फिर इसे महज बचाव की एक रणनीति माना जाएगा?

फिलहाल इतना तय है कि इस बयान ने जल जीवन मिशन घोटाले को और अधिक गर्मा दिया है, और इसकी आंच अब राजस्थान के शीर्ष प्रशासनिक पदों तक पहुंचती नजर आ रही है.

Sudhansh Panth I JJM Scam I Mahesh Joshi I Subodh Agarwal I Rajasthan I Rajasthan News I Bhajanlal Sharma