नागौर- पवित्र माह रमजान के अवसर पर नागौर स्थित सूफी साहब की दरगाह में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल (Hanuman Beniwal) द्वारा रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और आपसी भाईचारे व सद्भाव का संदेश दिया। इस मौके पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना इंसानियत, आपसी प्रेम और सामाजिक एकता का संदेश देता है तथा समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इफ्तार कार्यक्रम में हाजी शमशेर खान, सैयद सदाकत सुलेमानी, शहर काजी मिराज उस्मानी, शौकत नूर खान, मोइनुद्दीन बेहलीम, तबरेज खान, नदीम खान, आरिफ गोरी, इलियास गोरी, निसार खान सोडा, खालिद हुसैन, असलम मुल्तानी, याकूब लदावत, शराफत अंसारी, कमल हसन, रफीक भाटी और अब्बास खान सहित कई गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे। सभी ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ की।
इस दौरान सांसद Hanuman Beniwal ने अपने आवास पर नियमित जनसुनवाई भी की, जहां नागौर सहित विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। वहीं जवाहर नवोदय विद्यालय एल्युमिनी से जुड़े लोगों ने नागौर में नवोदय विद्यालय स्वीकृत करने की मांग को लेकर सांसद को ज्ञापन सौंपा। बेनीवाल ने बताया कि इस संबंध में वे पहले भी केंद्रीय शिक्षा मंत्री से चर्चा कर चुके हैं और आगामी लोकसभा सत्र के दौरान फिर मुलाकात करेंगे। इसके अलावा मुंडवा में आरएलपी से नगरपालिका चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष कंदोई के आवास पर स्थानीय लोगों ने सांसद का स्वागत किया तथा ऋषिकेश–बाड़मेर ट्रेन के ठहराव के लिए उनका आभार जताया। सांसद ने बताया कि जम्मू तवी व संपर्क क्रांति ट्रेन के मुंडवा स्टेशन पर ठहराव के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।










