PoliTalks News
बड़ी खबर

लाल किले से PM Modi के 10 बड़े ऐलान, युवाओं से लेकर 2047 तक का पूरा विजन

15 अगस्त 2026
साझा करें:
लाल किले से PM Modi के 10 बड़े ऐलान, युवाओं से लेकर 2047 तक का पूरा विजन

PM Modi Independence Day Speech 2026: लाल किले से PM मोदी के 10 बड़े ऐलान, जानिए पूरी खबर

नई दिल्ली. देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित किया. अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने देश की उपलब्धियों के साथ आने वाले वर्षों की प्राथमिकताओं और विकसित भारत के लक्ष्य का रोडमैप भी सामने रखा. इस बार उनका संबोधन खास तौर पर युवाओं, तकनीक, ऊर्जा सुरक्षा, खेल, महिला भागीदारी, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर केंद्रित रहा। लाल किले पर पहली बार स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति भी हुई.

1. एक करोड़ युवाओं को AI की ट्रेनिंग

प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले एक साल में देश के एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार का जोर युवाओं को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के लिए तैयार करने पर है, ताकि भारत AI के क्षेत्र में केवल तकनीक का इस्तेमाल करने वाला देश न रहे, बल्कि इस क्षेत्र में नेतृत्व करने की क्षमता भी विकसित करे.

2. प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

PM मोदी ने कोचिंग के बढ़ते खर्च को गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की बात कही. उन्होंने कहा कि डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और देश के अनुभवी शिक्षकों को एक मंच पर लाकर ऐसा नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जिससे छात्रों को महंगी कोचिंग पर बड़ी रकम खर्च न करनी पड़े.

3. 2036 ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए टैलेंट हंट

भारत के 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने देशभर में स्पोर्ट्स टैलेंट हंट की बात कही. खास तौर पर उन खेलों पर ध्यान देने का संकेत दिया गया जिनमें भारत की भागीदारी अभी सीमित है या जिनमें देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्वालिफाई नहीं कर पाते. मकसद नए खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बड़े मंच के लिए तैयार करना है.

4. ऊर्जा सुरक्षा पर सरकार का बड़ा फोकस

प्रधानमंत्री ने कहा कि AI, डेटा सेंटर और आधुनिक तकनीक के विस्तार के साथ देश की बिजली की जरूरत तेजी से बढ़ेगी. ऐसे में एनर्जी सिक्योरिटी भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और भविष्य की जरूरतों के मुताबिक पर्याप्त ऊर्जा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.

5. सेमीकंडक्टर में आत्मनिर्भर बनने की तैयारी

PM मोदी ने सेमीकंडक्टर को आधुनिक अर्थव्यवस्था की बुनियादी जरूरत बताते हुए कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल उपकरणों से लेकर ट्रांसपोर्ट सिस्टम तक चिप की भूमिका बेहद अहम हो गई है. उन्होंने बताया कि देश में तीन सेमीकंडक्टर प्लांट में काम शुरू हो चुका है और उत्पादन का निर्यात भी शुरू होने की जानकारी मिली है. आने वाले 7-8 वर्षों में कई और सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू करने की दिशा में काम होने की बात कही गई.

6. ‘शक्ति की सप्तधारा’ से विकास की नई दिशा

प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लिए ‘शक्ति की सप्तधारा’ का विजन सामने रखा. इसमें मैन्युफैक्चरिंग, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, तेज कनेक्टिविटी व इंफ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस, ग्रीन एवं ब्लू इकोनॉमी और भारत की सॉफ्ट पावर जैसे क्षेत्र शामिल हैं. सरकार का लक्ष्य इन क्षेत्रों को विकास की प्रमुख ताकत बनाकर आने वाले वर्षों में तेज आर्थिक और रणनीतिक प्रगति हासिल करना है.

7. महिलाओं को 33 फीसदी प्रतिनिधित्व देने की अपील

महिला आरक्षण के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से आगे आने की अपील की. उन्होंने कहा कि महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसदी प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और माताओं-बहनों को देश की नीतियां बनाने में ज्यादा भागीदारी मिलनी चाहिए. PM मोदी ने राजनीतिक दलों से महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में सहयोग करने का आग्रह किया.

8. ‘हथियारी नक्सल’ के बाद ‘दिमागी नक्सल’ को लेकर चेतावनी

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने नक्सल-माओवादी हिंसा के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि हथियारबंद नक्सलवाद कमजोर हुआ है, लेकिन वैचारिक स्तर पर देश को चुनौती देने वाली गतिविधियों के प्रति भी सतर्क रहने की जरूरत है. उन्होंने ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए ऐसी सोच को पहचानने और अलग-थलग करने की बात कही.

9. सोलर एनर्जी और ‘जीरो बिजली बिल’ का लक्ष्य

प्रधानमंत्री ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि देश की सोलर क्षमता में पिछले वर्षों में बड़ा विस्तार हुआ है और पीएम सूर्य घर योजना के तहत 50 लाख घरों द्वारा सोलर एनर्जी अपनाने का आंकड़ा पार किया जा चुका है. सरकार का जोर आम और मध्यम वर्गीय परिवारों तक सौर ऊर्जा का फायदा पहुंचाने पर है, जिससे बिजली खर्च कम करने में मदद मिल सके.

10. 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प

अपने संबोधन का सबसे बड़ा लक्ष्य बताते हुए PM मोदी ने दोहराया कि 2047 में देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है. उन्होंने देशवासियों की सामूहिक मेहनत और भागीदारी को इस लक्ष्य की सबसे बड़ी ताकत बताया. प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अगर विकसित राष्ट्र बनने का संकल्प लेकर आगे बढ़ता है तो इससे दुनिया में देश की भूमिका और प्रभाव भी और मजबूत होगा.

युवाओं और आत्मनिर्भर भारत पर खास जोर

बता दें इस बार प्रधानमंत्री के भाषण में युवाओं और नई तकनीक को खास महत्व मिला। AI ट्रेनिंग, मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग और खेल प्रतिभाओं की खोज जैसे ऐलान सीधे तौर पर युवा पीढ़ी से जुड़े हैं. वहीं सेमीकंडक्टर, ऊर्जा सुरक्षा, रक्षा और सप्तधारा जैसे मुद्दों के जरिए भारत को तकनीकी और रणनीतिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिखाई दिया. कुल मिलाकर लाल किले से दिया गया संबोधन ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को केंद्र में रखते हुए युवाओं, तकनीक, ऊर्जा, खेल और आत्मनिर्भरता का नया रोडमैप पेश करता नजर आया.



PM Modi Independence Day Speech 2026, PM Modi Speech, Narendra Modi Speech, Independence Day 2026, PM Modi Red Fort Speech, PM Modi 15 August Speech, लाल किले से PM मोदी का भाषण, पीएम मोदी के बड़े ऐलान, विकसित भारत 2047, PM Modi Latest News

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal