राजस्थान की राजनीति में फिर सक्रिय हुई वसुंधरा राजे, युवा सम्मेलन के मंच से दिया सियासी संदेश

पूर्व सीएम वसुंधरा ने कहा – काम अच्छा किया जाए तो अपने आप आ जाता है पद.. क्या मुख्यमंत्री भजनलाल को दिए हैं राजनीतिक संकेत?

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय होते नजर आ रही है. विधानसभा चुनाव और प्रदेश की सत्ता भजनलाल शर्मा के हाथों में दिए जाने के बाद वसुंधरा राजे सार्वजनिक एवं राजनीतिक मंचों से नदारद ही रहीं. मगर ​बीतते दिनों के साथ वसुंधरा राजे और उनके समर्थित नेताओं की सक्रियता ने घरेलू राजनीति में हलचल मचायी है. इसी बीच अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या को राजे ने जयपुर में आयोजित सशक्त युवा–सशक्त राष्ट्र सम्मेलन में सियासी संदेश दिया.

यह भी पढ़ें: ‘हमें किसी की इजाजत की जरूरत नहीं..’ भारत की ट्रंप को दो टूक

उन्होंने कहा कि राजनीति में हर कोई पद चाहता है, लेकिन अगर काम अच्छा किया जाए तो पद अपने आप व्यक्ति के पास आ जाता है. उन्होंने ये भी कहा कि राजस्थानियों का प्यार ही मेरे लिए सबसे बड़ा पद है.

युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील

पूर्व सीएम ने युवाओं से प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि आज के समय में नई तकनीकों की समझ बेहद जरूरी है. जो देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी तकनीकों में आगे होगा. वहीं, भविष्य में दुनिया का नेतृत्व करेगा. राजे ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए और समाज को इस बुराई से बचाने के लिए सरकार का सहयोग करना चाहिए. नशा युवाओं के भविष्य को कमजोर करता है, इसलिए इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं.

भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में काम करें युवा

राजे ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में काम करें. युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी नई तकनीकों का सकारात्मक उपयोग करना चाहिए. क्योंकि आने वाले समय में इन्हीं क्षेत्रों में आगे रहने वाले देश वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करेंगे.

वसुंधरा राजे ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश में इनोवेशन, इन्क्यूबेशन और स्टार्टअप की नई धारा का नेतृत्व भी युवा ही कर रहे हैं. स्टार्टअप इकोसिस्टम में भारत आज दुनिया के शीर्ष तीन देशों में शामिल है, जो युवाओं की मेहनत और क्षमता का परिणाम है.