बंगाल का रण: क्या मोदी-शाह की रणनीति तोड़ पाएगी ममता का किला?

विकास, राष्ट्रवाद और संगठन बनाम अस्मिता, कल्याण और जमीनी पकड़ – पश्चिम बंगाल की सियासत में फिर आमने-सामने दो बड़े नैरेटिव

पश्चिम बंगाल की राजनीति में बीते कुछ सालों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सक्रियता लगातार बढ़ी है. वजह है – पार्टी के शीर्ष नेतृत्व नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने राज्य को अपनी राजनीतिक रणनीति के केंद्र में रखा है. चुनाव से पहले और दौरान लगातार दौरे, रैलियां और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के प्रयास इसी रणनीति का हिस्सा हैं.

बीजेपी इस बार भी चुनावी मैदान में पीएम मोदी की छवि को सबसे बड़े चेहरे के तौर पर पेश कर रही है. पार्टी को उम्मीद है कि केंद्र सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और ‘डबल इंजन सरकार के वादे के जरिए वह मतदाताओं को प्रभावित कर सकेगी. वहीं, अमित शाह की रणनीतिक भूमिका संगठन को धार देने और चुनावी गणित को साधने में अहम मानी जा रही है.

यह भी पढ़ें: रिफाइनरी राजस्थान के विकास की एक महत्वपूर्ण आधारशिला, हादसा अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण

दूसरी ओर, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की सर्वेसर्वा और राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बीजेपी पर तीखे हमले कर रही हैं. टीएमसी का आरोप है कि भाजपा बंगाल की सांस्कृतिक पहचान और ‘बंगाली अस्मिता को समझने में असफल रही है. साथ ही, दीदी बीजेपी पर धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाती रही है.

इधर, बीजेपी की ओर से भी जवाबी हमले तेज हैं. पार्टी राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, चंदा उगाही और केंद्र की योजनाओं को आम जनता तक न पहुंचने देने के आरोप लगा रही है. इसके अलावा, सीमा पार से घुसपैठ का मुद्दा भी बीजेपी के प्रमुख चुनावी हथियारों में शामिल है. अब महिला आरक्षण बिल पर टीएमसी के समर्थन न करना भी प्रमुख मुद्दा बनाकर उठाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: महिला आरक्षण और परिसीमन बिल: बीजेपी का मास्टर स्ट्रोक या झटका?

हालांकि, इन तमाम रणनीतियों के बीच कुछ चुनौतियां भी बीजेपी के सामने खड़ी हैं. मतदाता सूची से नाम कटने और एसआईआर जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है, जिससे पार्टी को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. यह भी एक बड़ा सवाल है कि क्या सिर्फ मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ना बंगाल जैसे राज्य में जीत दिलाने के लिए पर्याप्त होगा, जहां स्थानीय नेतृत्व और जमीनी जुड़ाव बेहद अहम भूमिका निभाते हैं.

कुछ मिलाकर अब पश्चिम बंगाल का चुनावी संग्राम केवल सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि दो अलग-अलग राजनीतिक दृष्टिकोणों का मुकाबला बन चुका है. एक तरफ बीजेपी विकास, राष्ट्रवाद और केंद्रीय नेतृत्व के भरोसे मैदान में है, तो दूसरी ओर, ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस स्थानीय अस्मिता, कल्याणकारी योजनाओं और मजबूत जमीनी नेटवर्क के दम पर टिकी हुई है.

आखिरकार, यह फैसला बंगाल की जनता के हाथ में है कि वह किस नैरेटिव को ज्यादा भरोसेमंद मानती है – बदलाव का वादा या मौजूदा व्यवस्था का भरोसा.