हनुमानगढ़/संगरिया: हरिपुरा गांव में स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन को लेकर अब सियासी और लोकतांत्रिक प्रोटोकॉल का मुद्दा गरमा गया है. किसान नेता बलकौर सिंह ढिल्लों ने उद्घाटन कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन से लेकर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष तक से जवाब मांगा है. ढिल्लों का सीधा सवाल है कि जब संगरिया की जनता ने अभिमन्यु पूनिया को अपना वर्तमान विधायक चुना है, तो सरकारी स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन ऐसे व्यक्ति से कैसे करवाया गया जो अब विधायक नहीं है? इसी सवाल को लेकर उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है.
ढिल्लों ने कहा कि हरिपुरा स्वास्थ्य केंद्र कोई अचानक बनी योजना नहीं है, बल्कि इसे पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बजट घोषणा के तहत स्वीकृत करवाने के लिए उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से व्यक्तिगत मुलाकात कर प्रयास किए थे. उनका कहना है कि क्षेत्र की जनता की जरूरत को देखते हुए इस स्वास्थ्य केंद्र को मंजूरी मिली थी. ऐसे में अब इसके उद्घाटन को लेकर सामने आए घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. ढिल्लों ने प्रशासन से पूछा कि सरकारी संस्थान के उद्घाटन को लेकर आखिर नियम क्या कहते हैं और कार्यक्रम में प्रोटोकॉल का पालन हुआ या नहीं?
किसान नेता ने जिला कलेक्टर से सवाल करते हुए कहा कि क्या किसी पूर्व विधायक को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र का आधिकारिक उद्घाटन करने का अधिकार है? अगर हां, तो इसकी अनुमति किस नियम के तहत है और अगर नहीं, तो फिर उद्घाटन कार्यक्रम किस आधार पर आयोजित किया गया? उन्होंने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष से भी मामले में संज्ञान लेने और संबंधित विभाग व जिला प्रशासन से जवाब तलब करने की मांग की है. ढिल्लों ने साफ किया कि उनकी आपत्ति किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि जनता के वोट से चुने गए वर्तमान विधायक के सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं से जुड़ी है.
बलकौर सिंह ढिल्लों ने कहा कि सरकारी योजनाएं किसी नेता या राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं होतीं, बल्कि इन्हें जनता के टैक्स और सरकारी धन से तैयार किया जाता है. इसलिए इनके उद्घाटन में भी जनता के जनादेश और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले में नियम और प्रोटोकॉल सार्वजनिक कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है. अब बड़ा सवाल यही है कि हरिपुरा स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन में आखिर प्रोटोकॉल का पालन हुआ था या नहीं? प्रशासन की ओर से इस पर क्या जवाब आता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.




हरिपुरा, Haripura, स्वास्थ्य केंद्र, Health Center, उद्घाटन विवाद, Inauguration Controversy, संगरिया, Sangaria, हनुमानगढ़, Hanumangarh, बलकौर सिंह ढिल्लों, Balkaur Singh Dhillon, किसान नेता, Farmer Leader, पूर्व विधायक, Former MLA, अभिमन्यु पूनिया, Abhimanyu Poonia, राजस्थान न्यूज, Rajasthan News, राजस्थान राजनीति, Rajasthan Politics











