Satish Poonia Big Statement: हरियाणा भाजपा प्रभारी एवं राजस्थान से राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनियां (Satish Poonia) ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद डॉ. सतीश पूनियां ने कांग्रेस पर संसद के मानसून सत्र में सकारात्मक बहस से बचने और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया. पूनियां ने कहा कि कांग्रेस की नीयत और नीति दोनों में खोट नजर आई और वह ऐसे मुद्दों पर चर्चा से बचती रही, जिन पर गंभीरता से बहस होनी चाहिए थी. सांसद सतीश पूनियां ने कहा कि उम्मीद थी कि सदन में पक्ष और विपक्ष को एक-दूसरे को सुनने और विभिन्न मुद्दों को समझने का अवसर मिलेगा, लेकिन कांग्रेस के जनविरोधी आचरण के कारण पूरा सत्र प्रभावित रहा.
राज्यसभा सांसद सतीश पूनियां ने वंदे मातरम् के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि इस विषय पर भी कांग्रेस ने बहस में भाग नहीं लिया, जबकि देश के स्वतंत्रता आंदोलन में वंदे मातरम् के लिए लोगों ने बलिदान दिए हैं. उन्होंने कहा कि यह ऐसा विषय था, जिस पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सरकार के साथ सभी दलों को चर्चा में शामिल होना चाहिए था. वहीं, केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ किए जाने के मुद्दे पर भी सतीश पूनियां ने कहा कि यह केरल की जनता से जुड़ा भावनात्मक विषय था और इस पर सदन में सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन कांग्रेस ने कार्यवाही से दूरी बनाए रखी.
सांसद पूनियां ने कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे लगातार विद्यार्थियों और युवाओं के मुद्दे उठाने की बात करते हैं, लेकिन जब लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा का अवसर आया, तब भी कांग्रेस ने बहस में भाग नहीं लिया. उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मुद्दे विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े हैं और इन पर राजनीति से ऊपर उठकर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन कांग्रेस केवल दिखावे की राजनीति करती रही। पूनियां ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को डर था कि सदन में चर्चा होने पर उसके पुराने मुद्दे और गलतियां सामने आ जाएंगी.
सतीश पूनियां ने हमला जारी रखते हुए आगे कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, अराजकता, जाति-पंथ के आधार पर विभाजन और वोट बैंक की राजनीति जैसे मुद्दों पर कांग्रेस जवाब देने से बचती रही. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट रूप से कहा था कि केंद्र सरकार हर मुद्दे पर चर्चा और बहस के लिए तैयार है, इसके बावजूद कांग्रेस का चर्चा से दूर रहना उसकी राजनीतिक मंशा पर सवाल खड़े करता है. पूनियां ने दावा किया कि देश की जनता ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को देखा और समझा है और इसी वजह से जनता ने कांग्रेस को उसके विचार और व्यवहार के स्तर पर नकार दिया है.
Satish Poonia, Rahul Gandhi, Amit Shah, Congress, BJP, Parliament Monsoon Session, Rajasthan Politics, Rajasthan News, Political News, Rahul Gandhi News, BJP Congress, Parliament News, Breaking News












