जयपुर: युवा नेता लादूराम गोदारा ने राजस्थान की भर्तियों में 1 Year Waiting Rule लागू करने की मांग को लेकर 14 अगस्त को प्रस्तावित आंदोलन का ऐलान किया है. पिंक सिटी प्रेस क्लब जयपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोदारा ने कृषि पर्यवेक्षक भर्ती 2026 के परिणाम को लेकर सामने आए संदेहास्पद दस्तावेजों और अभ्यर्थियों की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को सांसद हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व में होने वाले धरने में एक साल वेटिंग नियम लागू करने समेत युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा.
गोदारा ने कहा कि 18 अप्रैल 2026 को 1100 पदों पर आयोजित RSSB कृषि पर्यवेक्षक भर्ती 2026 का परिणाम 23 जून को जारी हुआ. परिणाम जारी होने के बाद कुछ अभ्यर्थियों और युवाओं की ओर से चयन प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल और संदेहास्पद परिणाम सामने आने का दावा किया गया है. उन्होंने कहा कि इन मामलों को केवल आरोप मानकर खारिज करने के बजाय उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराना जरूरी है.
https://x.com/LaduGodara3/status/2087855808629669985?s=20
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोदारा ने कथित गड़बड़ियों के कई बिंदु सामने रखे. उनके अनुसार, एक ही परिवार या रिश्तेदारी से करीब 40 अभ्यर्थियों के एक साथ चयनित होने और कई अभ्यर्थियों की रैंक समान होने के दावे सामने आए हैं। कुछ मामलों में चयनित अभ्यर्थियों की रैंक समान या बेहद करीब होने की बात भी कही गई। इसके अलावा 3 पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के अंक समान और रैंक क्रम से होने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं.
उन्होंने बूंदी की एक कोचिंग संस्था और हाड़ौती क्षेत्र के एक सेंटर से असामान्य रूप से अधिक चयन होने को लेकर भी जांच की मांग की. साथ ही RSSB द्वारा जारी अंतिम परिणाम PDF में कुछ नाम, पिता के नाम और माता के नाम के फॉन्ट साइज में अंतर दिखाई देने तथा कुछ मामलों में अभ्यर्थी का नाम और पिता का नाम दर्ज होने के बावजूद माता का नाम नहीं होने की बात सामने आने का दावा किया.
युवा नेता गोदारा ने एक अभ्यर्थी के दावे का भी उल्लेख किया, जिसके अनुसार उत्तर-कुंजी के आधार पर उसके 219.95 अंक बनते हैं, जबकि जारी परिणाम में 215.86 अंक दर्शाए गए हैं. करीब 4 अंकों के इस कथित अंतर को लेकर अभ्यर्थी ने OMR की दोबारा जांच की मांग की, लेकिन उसे बताया गया कि RSSB में OMR की revaluation/rechecking का प्रावधान नहीं है.
लादूराम गोदारा ने कहा कि इन सभी बिंदुओं की जांच होने से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. यदि लगाए गए आरोप गलत हैं तो जांच से युवाओं के संदेह दूर होंगे और यदि कहीं कोई अनियमितता हुई है तो उसका भी पता चल सकेगा। उन्होंने RSSB अध्यक्ष आलोक राज, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राजस्थान सरकार से मांग की कि सामने आए सभी दस्तावेजों और साक्ष्यों की SIT से निष्पक्ष जांच करवाई जाए.
उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी विवाद से ज्यादा निष्पक्षता और पारदर्शिता चाहिए. गोदारा ने 14 अगस्त के आंदोलन में 1 Year Waiting Rule, कृषि पर्यवेक्षक भर्ती 2026 की निष्पक्ष जांच और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही. उन्होंने कहा कि जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और दूध का दूध, पानी का पानी हो सके.
Laduram Godara, Hanuman Beniwal, Rajasthan News, Rajasthan Recruitment, 1 Year Waiting Rule, Agriculture Supervisor Recruitment, RSSB, Rajasthan Government Jobs, Youth Protest, Beniwal Protest, 14 August Protest, Rajasthan Politics, लादूराम गोदारा, लादूराम गोदारा न्यूज़, हनुमान बेनीवाल, बेनीवाल आंदोलन, 1 Year Waiting Rule, भर्ती में 1 Year Waiting Rule, राजस्थान भर्ती, कृषि पर्यवेक्षक भर्ती 2026, कृषि पर्यवेक्षक भर्ती विवाद, राजस्थान सरकारी भर्ती, 14 अगस्त आंदोलन












