Jaipur: देश-प्रदेश में LPG संकट के मुद्दे को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजधानी जयपुर में शहीद स्मारक पर धरना प्रदर्शन किया. इस मौके पर PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, एआईसीसी सचिव और सह प्रभारी रित्विक मकवाना, एआईसीसी के मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सचिव धीरज गुर्जर समेत कांग्रेस विधायक, जिलाध्यक्ष, अग्रिम संगठनों, विभागों-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और संयोजक, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व विधायक समेत सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे. धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने केन्द्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा.
ये भी पढ़े : लोकसभा में गूंजा राजस्थान का ‘कमीशन कांड’: हनुमान बेनीवाल के खुलासे से मची खलबली!
गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सत्ता में आने से पहले देश में महंगाई कम करने, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी समाप्त करने और विदेश नीति मजबूत करने का वादा किया था, लेकिन आज देश किस जगह खड़ा है ये सोचने की बात है. प्रधानमंत्री ने 2014 में घोषणा की थी कि बीपीएल वर्ग की महिलाएं को LPG सिलेंडर देकर चूल्हे के धुएं से होने वाली परेशानियों से मुक्त करेंगे, लेकिन आज पूरा देश LPG की कमी के कारण परेशान है. लोग जगह-जगह लाइनें लगाकर सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं. रसोई गैस आधारित उद्योग चलाने वाले लोग परेशान हो रहे हैं. डोटासरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता केवल जुमले देते है उन्हें आम आदमी की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है.
डोटासरा ने कहा कि पीएम मोदी की ना तो कोई विदेश नीति है और ना उन्हें किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा याद है. केन्द्र सरकार केवल पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की योजनाओं के नाम बदलने का काम कर रही है. डोटासरा ने पीएम मोदी के विदेश दौरों को लेकर भी फिजूलखर्ची का आरोप लगाया. डोटासरा ने कहा कि नोटबंदी के समय पूरा देश कतारों में लगा प्रधानमंत्री ने 50 दिन मांग कर कहा था कि देश से भ्रष्टाचार और आतंकवाद खत्म हो जाएगा, नकली नोट समाप्त हो जाएंगे, किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी लेकिन इनमें से एक भी समस्या का समाधान नहीं हुआ.
डोटासरा ने पीएम मोदी पर कोरोना काल में कुप्रबंधन के भी आरोप लगाये. डोटासरा ने कहा कि अब मोदी सरकार ने लोगों को LPG, CNG और पेट्रोल-डीजल के लिए लाइन में लगवा दिया. केन्द्र सरकार की ना नीति ठीक है, ना नीयत ठीक है. केन्द्र सरकार देश की योजनाओं के लिए 2047 की बात तो करती है लेकिन अगले 3-4 सालों को लेकर भी कोई तैयारी नहीं है. डोटासरा ने कहा कि केन्द्र सरकार ने अमेरिका के दबाव में सरेण्डर कर ईरान से गैस लेना बंद की थी और अब सरेण्डर कर लेना शुरू कर दिया है. डोटासरा ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने युद्ध के हालात को लेकर लोकसभा में केन्द्र सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की थी लेकिन BJP नेताओं ने राहुल गांधी की बातों का मजाक बनाया और अब समस्या बढ़ी तो सर्वदलीय बैठक बुलानी पड़ी. लेकिन बैठक में कहा कि कोई संकट नहीं है जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा और राज्य सभा को सम्बोधित करते हुए कहा था कि कोरोना महामारी जैसा संकट आने वाला है इसके लिए मिल कर सभी को सामना करना पड़ेगा. गोविंद सिंह डोटासरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस संकट के समय में आम जनता के बीच जाकर उनकी तकलीफों को दूर करें और उनके साथ खड़े हो.
धरना-प्रदर्शन को नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी संबोधित किया. जूली ने कहा कि देश में एलपीजी का संकट है लेकिन सरकार इसे छुपाना चाहती है क्योंकि केन्द्र सरकार की नीतियां सही नहीं है. सरकार बयान दे रही है कि किसी प्रकार का संकट नहीं है. आमजन कैसे परेशान हो रहा है मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अखबारों की खबरें पढ़नी चाहिए. टीकाराम जूली ने प्रदेश में रिफाइनरी के उद्घाटन में देरी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में बजट में घोषणा की थी कि अगस्त, 2025 में रिफाइनरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे और अब मार्च, 2026 निकलने को है लेकिन रिफाइनरी का उद्घाटन नहीं हुआ. देश में 2014 से पहले मुकाबले कच्चे तेल का उत्पादन भी घट गया और स्टॉक भी घट गया. केन्द्र सरकार ने LPG गैस सिलेण्डर के दाम 60 रुपये बढ़ा दिए है इससे आम नागरिक विशेषकर गरीबों पर महँगाई का भार भाजपा सरकार ने थोप दिया है. कांग्रेस पार्टी आमजनता के दु:ख, तकलीफो में साथ खड़ी है और भाजपा की गूंगी-बहरी सरकार को जगाने का काम करती रहेगी.
धरने को एआईसीसी के मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सचिव रित्विक मकवाना, धीरज गुर्जर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, जयपुर शहर जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, जयपुर देहात पूर्व अध्यक्ष गोपाल मीणा, जयपुर देहात पश्चित अध्यक्ष विद्याधर चौधरी सहित अनेक वक्ताओं ने सम्बोधित किया.
congress protest । jaipur lpg crisis । Rajasthan congress । govind singh dotasra । tikaram jully। lpg cylinder shortage । petrol diesel crisis । fuel price protest। bhajanlal sharma government ।rahul gandhi statement । rajasthan political news ।










