सीएम भजनलाल के बयान पर सियासत तेज, टीकाराम जूली का तीखा पलटवार

किसानों को लेकर टिप्पणी पर उठे सवाल, जूली बोले – जमीनी हकीकत से अनभिज्ञ है सरकार

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के किसानों को लेकर दिए गए बयान पर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए उनके बयान को किसानों की वास्तविक परिस्थितियों से दूर बताया है. टीकाराम जूली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं को किसान का बेटा बताते हैं, लेकिन उनके बयान से स्पष्ट है कि उन्हें खेती-किसानी की वास्तविक समझ नहीं है. जूली ने मुख्यमंत्री के उस कथन पर सवाल उठाया, जिसमें किसानों के साल में सीमित दिनों तक ही काम करने की बात कही गई थी.

उन्होंने कहा कि खेती केवल बुवाई और कटाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पहले खेत की तैयारी, निराई-गुड़ाई, सिंचाई, फसल की देखभाल और कटाई के बाद की प्रक्रिया तक किसान लगातार मेहनत करता है. जूली ने यह भी कहा कि किसानों को रात के समय बिजली मिलने के कारण ठंड में भी खेतों में खड़े रहकर सिंचाई करनी पड़ती है, जो बेहद कठिन कार्य है.

यह भी पढ़ें: RGHS पर बवाल: टीकाराम जूली का CM भजनलाल पर बड़ा हमला, कहा-‘बुजुर्गों की सुनिए’

जूली ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन सरकार को यह स्थिति नजर नहीं आ रही. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार केवल “किसान-किसान कह रही है, लेकिन जमीनी सच्चाई से पूरी तरह अनभिज्ञ है.

कांग्रेस नेता ने यह भी रेखांकित किया कि खेती केवल एक व्यक्ति का काम नहीं, बल्कि पूरे परिवार की मेहनत से जुड़ा होता है, जिसमें छोटे बच्चे भी अपने माता-पिता की सहायता करते हैं. इस मुद्दे पर अब प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है.