‘किसान महाचौपाल’ में बब्बर शेरों के सामने गरजे राहुल, ट्रंप, ट्रेड डील, एपस्टीन फाइल्स पर सरकार को घेरा

राहुल गांधी ने दी चुनौती कहा- दम है तो खत्म करे यूएस ट्रेड डील, अमेरिका में अडानी पर केस में भी पीएम मोदी टारगेट, एपस्टीन फाइल में टारगेट पर मोदी, यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दी शाबासी

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस की किसान महाचौपाल का आयोजन किया गया. किसान महाचौपाल को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया. इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने केन्द्र सरकार की नीतियों को लेकर जमकर कोसा. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने निशाना साधते हुए कहा कि हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया. राहुल गांधी ने जनरल नरवणे की किताब और अमेरिका से ट्रेड डील को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाये. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पीएम मोदी पर हमला किया. पीएम को ‘सरेंडर मोदी’ करार देते हुए कहा कि जो प्रधानमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस तक नहीं कर सकता, वह सिर्फ कांग्रेस को डराने का काम कर रहा है.

ये भी पढ़े : ‘यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या’- राजधानी में कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन

दम है तो खत्म करे यूएस ट्रेड डील- राहुल
राहुल गांधी ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा दम है तो आप इंडिया और यूएस डील खत्म करके दिखाइए. राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने किसानों को खत्म किया. अमेरिका को हमारा डेटा दिया. टेक्स्टाइल इंडस्ट्री को खत्म किया. अब कहते हैं हम बांग्लादेश की मदद करेंगे. टेक्स्टाइल में जीरो परसेंट टैक्स लगाएंगे. हमारा मंत्री कहता है कि हिंदुस्तान अमेरिका से कपास खरीदेगा तो टैक्स जीरो टैरिफ लगेगा. ट्रंप कहता है कि हर साल हिंदुस्तान को 9 लाख करोड़ रुपए का माल अमरीका से खरीदना पड़ेगा. ऐसे में हमारी इंडस्ट्री का क्या होगा ? राहुल गांधी यहीं नहीं रूके उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने दबाव में सब दे दिया. मैं पूछता हूं आपने लिया क्या ? पहले से ज्यादा टैक्स हम देंगे. मैं लिखकर दे सकता हूं, अगर मोदी पर दबाव और धमकी नहीं होती तो वे ऐसा नहीं करते.

किसान महाचौपाल में राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइल का भी जिक्र किया. एपस्टीन की फाइल बंद पड़ी हुई हैं. उसमें ईमेल, मैसेज, वीडियो सबकुछ हैं. वो रिलीज नहीं हुई हैं, बंद पड़ी हैं. ट्रंप ने धमकाने के लिए हरदीप पुरी का नाम रिलीज किया है. ये मैसेज है कि आपने हमारी बात सुनी नहीं तो फिर उन फाइलों में से माल निकलेगा. राहुल गांधी ने मंच से अनिल अंबानी का नाम लेते हुए पीएम मोदी से सवाल पूछा- नरेंद्र मोदी जी आप बताइए अनिल अंबानी से आपका रिश्ता क्या है? अनिल अंबानी एपस्टीन फाइल में है.

राहुल गांधी ने अडानी पर भी निशाना साधा. राहुल गांधी ने कहा कि ये बीजेपी का नरेंद्र मोदी का फाइनेंशियल स्ट्रक्चर है.अमेरिका में अडाणी पर क्रिमनल केस है. अडाणी अमरीका नहीं जा सकते हैं. डरे हुए हैं कि मैं गया तो पकड़ लेंगे. दरअसल, उस केस का टारगेट अडाणी नहीं, नरेंद्र मोदी है. पीएम नरेन्द्र मोदी दोनों तरफ से फंस गये हैं. राहुल ने आरोप लगाया कि भारत-यूएस ट्रेड डील कोई साधारण समझौता नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री की मजबूरी है. एक तरफ अमेरिका में अडाणी पर क्रिमिनल केस है और दूसरी तरफ एपस्टीन फाइल्स का दबाव है.

यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता ‘बब्बर शेर’- राहुल गांधी
किसान महाचौपाल में राहुल गांधी ने AI समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को के विरोध प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की. वहीं, केन्द्र सरकार पर निशाना साधा. राहुल ने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ‘बब्बर शेर’ बताते हुए कहा कि उन्होंने साहसिक काम किया, लेकिन विरोध प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी प्रधानमंत्री की कायरता और तानाशाही का प्रतीक है. राहुल गांधी ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारा अधिकार है और सच्चाई हमारे साथ है. मोदी सरकार युवाओं और किसानों की आवाज दबाने के लिए तानाशाही पर उतारू है, लेकिन हम एक इंच पीछे नहीं हटेंगे.