PoliTalks News
बड़ी खबर

अभिनेता इमरान खान पर उबाल खा रही राजनीति! एक्टर के 'भारत छोड़ो' नोटिस पर बीजेपी-कांग्रेस में टकराव

15 अक्टूबर 2026
साझा करें:
अभिनेता इमरान खान पर उबाल खा रही राजनीति! एक्टर के 'भारत छोड़ो' नोटिस पर बीजेपी-कांग्रेस में टकराव

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के भतीजे एवं एक्टर इमरान खान की बढ़ी मुसीबतें, 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का मिला नोटिस, अब सत्ता और विपक्ष में छिड़ी सियासी जंग

हिन्दी सिनेमा जगत के स्टार अभिनेता आमिर खान के भतीजे इमरान खान पर भारतीय राजनीति गर्मा रही है. अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिला है. इमरान के खिलाफ इमीग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है और अभिनेता को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं. इस पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है. एक तरफ बीजेपी एक्टर इमरान पर भारत की राजनीति को अस्थिर करने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगा रही है. बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए विदेशी नागरिकों द्वारा विरोध प्रदर्शन और राजनीति में दखल का विरोध किया है. वहीं कांग्रेस बचाव में बीजेपी पर बदले की कार्रवाई करने का आरोप जड़ रही है.

विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार नहीं - बीजेपी

बीजेपी नेता जफर इस्लाम ने कहा कि उन्हें भारत में विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि यह देश के नागरिकों का अधिकार है. कानून अपना काम कर रहा है और किसी को भी इसमें दखल नहीं देना चाहिए. इस मुद्दे को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने कहा कि ये विदेशी ताकतों के भारत की राजनीति को अस्थिर करने का षड्यंत्र हैं, जो सामने आ रहा है. इमरान खान को भारत में राजनीति करने का कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि इस तरह के और भी बहुत से लोग होंगे, उनको भी इसी तरह से देश से निकाला जाना चाहिए.

सरनेम खान, इसलिए हो रही कार्रवाई - विपक्ष

कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बेहद दुखद है कि संविधान की रक्षा के लिए लड़ने वालों पर कानूनी मुकदमे थोपे जा रहे हैं, उन्हें निष्कासित किया जा रहा है या जेल में डाला जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि जब भी कोई व्यक्ति विरोध प्रदर्शन में शामिल होता है या उनके खिलाफ आवाज उठाता है, तो उसे बदले की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है. वहीं, संविधान का विरोध करने वालों और देशद्रोहियों को संरक्षण दिया जा रहा है. 

इधर, AIMIM नेता वारिस पठान ने सरनेम 'खान' होने की वजह से इमरान खान को निशाना बनाए जाने की बात कही. उन्होंने कहा कि पहले आयशा खान को निशाना बनाया गया और अब इमरान खान के पीछे पड़े हैं.

क्या है पूरा मामला

अभिनेता आमिर खान के भांजे इमरान खान 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे. यहां लोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. यह प्रदर्शन दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन में किया गया था. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभिनेता इमरान खान समेत कई लोगों को हिरासत में लिया था. बाद में उन्हें छोड़ दिया गया.

इमरान खान के पास भारत की नागरिकता नहीं हैं. इमरान के खिलाफ इमीग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट की धारा 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है और अभिनेता को नोटिस की एक कॉपी मिल गई है. अब पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है.

PoliTalks News - Authoritative News Portal