सोशल मीडिया पर पोस्ट एक वीडियो के बाद उड़ने लगी थी दिग्विजय सिंह के रिटायरमेंट की अफवाहें, राज्यसभा जाने से पहले ही कर चुके इनकार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने राजनीतिक भविष्य और रिटायरमेंट को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपना रुख साफ कर दिया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अनुरोध किया है कि राज्यसभा के दूसरे कार्यकाल के बाद तीसरा कार्यकाल नहीं लेना चाहते, हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि वह पार्टी के लिए काम करना बंद कर देंगे.
यह भी पढ़ें: राजस्थान की राजनीति में फिर सक्रिय हुई वसुंधरा राजे, युवा सम्मेलन के मंच से दिया सियासी संदेश
दिग्गी राजा ने कहा कि वह जीवन की आखिरी सांस तक कांग्रेस के लिए काम करते रहेंगे. उन्होंने कहा कि पार्टी में उनकी भूमिका क्या होगी, यह पूरी तरह पार्टी नेतृत्व पर निर्भर करता है.
इसी साल जून में समाप्त हो रहा कार्यकाल
दिग्विजय सिंह का राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल इसी वर्ष जून में समाप्त होने वाला है. उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से उच्च सदन में फिर से न जाने का अनुरोध किया है. इसके बाद उनके राजनीति से संन्यास लेने की अफवाहें उड़ने लगी थी. इन अफवाहों को बल तब मिला, जब हाल में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक दंपती का वीडियो शेयर किया था, जो बैंक से रिटायर होने के बाद कार से पूरे भारत की यात्रा पर निकले हैं.
मजाकिया अंदाज में शेयर किया था वीडियो
इस वीडियो और रिटायरमेंट को लेकर चल रही अटकलों पर दिग्गी ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उन्होंने यह वीडियो उन्होंने मजाकिया अंदाज में साझा किया था. वह जीवन की आखिरी सांस तक कांग्रेस के लिए काम करते रहेंगे. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि भविष्य में उनकी भूमिका क्या होगी, इसका फैसला कांग्रेस स्वयं निर्धारित करेगी.
बता दें कि दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश की राजनीति का वह चेहरा हैं जिसे कुछ लोग चाणक्य मानते हैं, तो कुछ विवादों का केंद्र. फिलहाल के लिए दिग्गी ने अपना जवाब साझा कर अपने राजनीतिक संन्यास की अटकलों को पूर्ण तौर पर विराम दे दिया है.










