PoliTalks News
बड़ी खबर

किरोड़ी की कांग्रेस को खुली चुनौती: 'भ्रष्टाचार का एक भी सबूत दे, इस्तीफा दे दूंगा..'

14 जून 2026
साझा करें:
किरोड़ी की कांग्रेस को खुली चुनौती: 'भ्रष्टाचार का एक भी सबूत दे, इस्तीफा दे दूंगा..'

अलवर दौरे पर हैं मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, कांग्रेस पर साधे तीखे तेवर और विपक्ष के आरोपों पर किया करारा पलटवार, भजनलाल एवं मोदी सरकार की सराहना की

राजस्थान की भजनलाल सरकार में मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा हमेशा की तरह अपने तीखे तेवरों में नजर आए. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर करारा पलटवार किया. किरोड़ी ने कहा कि वे खुद हमेशा भ्रष्टाचार को उजागर करते आए हैं. उन्होंने कहा कि पिछली गहलोत सरकार ने जिन मामलों को दबा कर रखा था, मौजूदा सरकार उन पर लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है. बीजेपी मंत्री ने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर कांग्रेस के पास कोई सबूत है तो सामने लाए, वे पद छोड़ने को तैयार हैं.

 

किरोड़ी ने यह भी कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ काम कर रही है, भ्रष्टाचारियों को बचाने का नहीं. उनके की ओर से उठाए गए मामलों पर अगर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगे बड़ा कदम उठाएंगे. किरोड़ी मीणा रविवार को अलवर जिले के दौरे पर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया.

 

महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर

 

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री किरोड़ी मीणा ने भजनलाल सरकार की जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया कि किसानों से लेकर मध्यम वर्ग को हर क्षेत्र में भारी छूट दी जा रही है. बिजली से लेकर कई कल्याणकारी योजनाओं में लोगों को राहत मिल रही है. महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 'लखपति दीदी' योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत 14 लाख महिलाएं लाभ उठा चुकी हैं. इसके अलावा बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोले गए हैं. युवाओं के लिए 1.25 लाख सरकारी नौकरियों का कैलेंडर जारी हो चुका है.

 

मोदी सरकार में देश की तरक्की

 

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री किरोड़ी मीणा ने केंद्र की मोदी सरकार के सफल कार्यकाल की जमकर तारीफ की. उन्होंने रेलवे और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश के कोने-कोने में 164 वंदे भारत ट्रेनें दौड़ रही हैं और शहरों में मेट्रो का विस्तार हो रहा है. देश को 23 नए एम्स की सौगात मिली है. उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा से यमुना के जरिए पानी लाने की योजना पर काम चल रहा है और रामजल सेतु के लिए 26 हजार करोड़ रुपए के वर्क ऑर्डर दिए जा चुके हैं.

 

विकसित भारत का संकल्प हो रहा साकार

 

देश में अब तक 8 लाख किलोमीटर सड़कों का जाल बिछाया जा चुका है. शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं बेहतर होने से बच्चों और बेटियों का स्कूल जाना अब आसान हो गया है. प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जरिए देश की 109 लाख हेक्टेयर जमीन तक सिंचाई का पानी पहुंचाया गया है, जिससे हर खेत तक पानी पहुंच रहा है.

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विजन है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. देश इस समय प्रगति पथ पर है और 'विकसित भारत' का संकल्प सच हो रहा है.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal