PoliTalks News
बड़ी खबर

SI भर्ती-2021 के आंदोलनकारी युवाओं के ‘हनुमान’ ने 2028 के चुनाव को लेकर भरी हुंकार

09 मई 2026
साझा करें:
SI भर्ती-2021 के आंदोलनकारी युवाओं के ‘हनुमान’ ने 2028 के चुनाव को लेकर भरी हुंकार

कल तक भाजपा नेताओं के फोन टैप करने वाले अधिकारी आज मलाईदार पदों पर, मुख्यमंत्री का अपने ही विभागों पर कोई नियंत्रण नहीं- हनुमान बेनीवाल 

Rajasthan: राजस्थान की राजनीति के केंद्र और युवाओं की बुलंद आवाज, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने शनिवार को जयपुर में हुंकार भरी. मीडिया से मुखातिब होते हुए सांसद हनुमान बेनीवाल ने पेपर लीक, बढ़ते अपराध और संस्थागत भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर प्रदेश की भजनलाल सरकार को जमकर घेरा. उन्होंने एसआई भर्ती-2021 को रद्द करने के फैसले को युवाओं के धैर्य और RLP के सड़क से सदन तक किए गए संघर्ष की ऐतिहासिक जीत बताया. हनुमान बेनीवाल ने स्पष्ट किया कि यह तो बस शुरुआत है, असली न्याय तब होगा जब पेपर लीक के 'आका' सलाखों के पीछे होंगे.

कांग्रेस-भाजपा के 'अंदरूनी गठजोड़' पर सीधा प्रहार

सांसद हनुमान बेनीवाल ने बेहद तीखे लहजे में कांग्रेस और भाजपा के बीच 'फिक्सिंग' के खेल को बेनकाब किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती गहलोत सरकार में जिन अधिकारियों ने भाजपा नेताओं के फोन टैप किए और उन्हें परेशान किया, आज वर्तमान भाजपा सरकार उन्हीं अधिकारियों को मलाईदार पदों पर नवाज रही है. हनुमान बेनीवाल ने आगे कहा कि यह कैसा राज है जहाँ कल के गुनहगार आज के सलाहकार बने बैठे हैं? इसके साथ ही बेनीवाल ने मांग की कि कांग्रेस के उन नेताओं को तुरंत गिरफ्तार किया जाए जो सरेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं, और इसके लिए सीबीआई जांच से कम कुछ भी स्वीकार्य नहीं है. बेनीवाल ने दावा किया कि वर्ष 2028 के चुनाव में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन होगा, जिसकी झलक पंचायती राज एवं निकाय चुनावों में दिखाई देगी.

सनातन का ढोंग और संतों की अनदेखी नहीं सहेगा राजस्थान

हिंदुत्व और सनातन के मुद्दे पर भाजपा को आईना दिखाते हुएसंसद  हनुमान बेनीवाल ने कहा कि भाजपा केवल वोट बैंक के लिए सनातन का नाम लेती है. उन्होंने भैराणा धाम में आंदोलनरत संतों की अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए. सांसद बेनीवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो सरकार संतों की भावनाओं को आहत करती है और पहाड़ों को बचाने के लिए संतों को आत्मदाह (भरतपुर प्रकरण) के लिए मजबूर करती है, उसे खुद को 'सनातन रक्षक' कहने का कोई हक नहीं है. उन्होंने जल जीवन मिशन में भी केवल 'छोटी मछलियों' को पकड़ने और बड़े मगरमच्छों को छोड़ने पर नाराजगी जताई.

अग्निवीर और किसान हितों पर सरकार को दी चेतावनी

युवाओं और किसानों के मुद्दे पर सदैव तत्पर रहने वाले सांसद हनुमान बेनीवाल ने केंद्र की अग्निवीर योजना को सेना और युवाओं के मनोबल पर चोट करार दिया. उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा महज एक जुमला बनकर रह गया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जाट, गुर्जर और किसान आंदोलनों में RLP हमेशा अग्रिम पंक्ति में रही है और भविष्य में भी रहेगी. बेनीवाल ने घोषणा की कि आगामी पंचायती राज और निकाय चुनाव में जनता इस "गठबंधन की राजनीति" को करारा जवाब देगी.

युवाओं ने किया 'जननायक' का भव्य सम्मान

बता दें एसआई भर्ती रद्द होने की खुशी में आंदोलनकारी युवाओं ने सांसद हनुमान बेनीवाल का जयपुर में जोरदार स्वागत और सम्मान किया. भावुक युवाओं ने कहा कि जब सब साथ छोड़ चुके थे, तब केवल बेनीवाल ने ही उनकी लड़ाई लड़ी. इस दौरान सांसद ने युवाओं को आश्वस्त किया कि 2028 का रण राजस्थान की राजनीति में बड़ा परिवर्तन लेकर आएगा. उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि RLP का कार्यकर्ता न थकेगा, न झुकेगा, जब तक अंतिम युवा को न्याय नहीं मिल जाता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा.


Hanuman Beniwal I Rajasthan I Nagaur I RLP 

वीडियो

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal