PoliTalks News
बड़ी खबर

कांग्रेस का 'रीबूट प्लान 2029': कई राज्यों में बदली जाएगी संगठन की बागड़ोर, मिलेगा नया ब्लूप्रिंट

04 जून 2026
साझा करें:
कांग्रेस का 'रीबूट प्लान 2029': कई राज्यों में बदली जाएगी संगठन की बागड़ोर, मिलेगा नया ब्लूप्रिंट

हार से सबक लेकर कांग्रेस ने मिशन 2029 की रणनीति पर काम कर दिया है तेज, पंजाब से केरल और गुजरात से लेकर अन्य राज्यों तक संगठन में व्यापक फेरबदल की चर्चा

लोकसभा चुनाव-2029 को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है. पार्टी नेतृत्व पंजाब, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, दिल्ली और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों और प्रभारियों के फेरबदल पर मंथन कर रहा है, ताकि जमीनी संगठन को मजबूत कर आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए नई टीम तैयार की जा सके. 2027 में कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति बन रही है, जबकि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पुनर्गठन होने की संभावना है.

6 राज्यों में बदले जाएंगे प्रदेश अध्यक्ष

कांग्रेस 6 राज्यों तक में प्रदेश अध्यक्ष बदलने पर विचार कर रही है. पंजाब, तमिलनाडु और केरल में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही है. कर्नाटक में डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद बीके हरिप्रसाद को राज्य में कांग्रेस संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.

तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई को भी बदले जाने की संभावना है. अंदरखाने खबर है कि पार्टी आलाकमान उनके कामकाज के तरीके से खुश नहीं है. केरल में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद सरकार का गठन किया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ को मंत्री बनाया गया. अब पार्टी सनी जोसेफ की जगह नए चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपना चाहती है, जिसमें सांसद कोडिकुन्निल सुरेश, बेनी बेहानन, एंटो एंटनी, यूडीएफ संयोजक अदूर प्रकाश और वरिष्ठ नेता जोसेफ वझक्कन के नाम चर्चा में हैं. यहां जातीय और सामुदायिक समीकरण भी अहम भूमिका निभा रहे हैं.

राजस्थान और चुनावी राज्य उत्तर प्रदेश में भी नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चा चल रही है. हालांकि हाल के राजस्थान दौरे के दौरान राहुल गांधी ने वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में ही आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं.

पंजाब में बदलाव तय

सबसे बड़ा बदलाव पंजाब में देखने को मिल सकता है. पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है. इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदला जा सकता है. माना जा रहा है कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की जगह चरणजीत सिंह चन्नी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है. हालिया निकाय चुनावों में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राज्य इकाई में गुटबाजी और तेज हो गई है. इसलिए पार्टी नहीं चाहती है कि विधानसभा चुनाव से पहले कोई और गुटबाजी सामने आए. 

AICC स्तर पर भी हो सकता है फेरबदल

लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश इकाइयों के अलावा कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ा फेरबदल हो सकता है. कई राज्यों के प्रभारियों के प्रदर्शन से पार्टी आलाकमान खुश नहीं है. इन संभावित बदलावों पर हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच बैठक हुई थी और इस मुद्दे पर चर्चा हुई. माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर राहुल गांधी संगठन में नए चेहरों को आगे लाने के पक्ष में हैं. 

ये बदलाव इसलिए भी महत्वपूर्ण हो गए हैं क्योंकि केंद्र सरकार 2029 में 'एक देश एक चुनाव' पॉलिसी भी लाने पर विचार कर रही है. अब देखना होगा कि कांग्रेस का इस 'रिबूट प्लान' से पार्टी की किस्मत भी आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में बदल भी पाती है या फिर नहीं.


Congress I Delhi I Rajasthan I Punjab I karnataka I Rahul Gandhi I Sonia Gandhi I Priyanka Gandhi I Mallikarjun kharge I Sachin Pilot I Ashok Gehlot 

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal