कंबल….संबल….और सियासत ! पीएम मोदी से की कार्रवाई की मांग, जानिये किस सांसद ने लिखा पत्र

मुस्लिम महिला से नाम पूछकर वापस लिया कंबल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, सियासी बयानबाजी ने पकड़ा जोर, मोदी-शाह को पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग

टोंक-सवाईमाधोपुर के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता सुखबीर सिंह जौनपुरिया के कंबल बांटने और मुस्लिम महिला से कंबल वापस लेने का वीडियो वायरल होने के बाद इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी का दौर जोर पकड़ रहा है. मुस्लिम महिला से कंबल वापस लेने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है. अब इस मुद्दे पर विपक्ष के नेता भी हमलावर हो रहे हैं.

मुस्लिम महिला से कंबल वापस लेने को लेकर सांसद हरीश मीणा ने निवाई क्षेत्र के ग्राम करेडा बुजुर्ग के साथ घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरी चिंता और कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है. सांसद मीना ने इस घटना को अमानवीय और असंवेदनशील बताया है. हरीश मीणा ने कहा कि ये घटना ना केवल संविधान की मूल भावना के खिलाफ है लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा आघात है.

ये भी पढ़े : आशा सहयोगियों ने बेनीवाल से लगाई गुहार तो कलेक्टर-DGP से वार्ता कर सांसद ने उठाई ये मांग

सांसद हरीश मीणा ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पीएम मोदी को पत्र लिखा है. सांसद ने पीएम मोदी से इस घटना को लेकर उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है ताकि देश में स्पष्ट संदेश जाए कि धर्म, जाति या राजनीतिक विचारधारा के आधार पर किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है.

हरीश मीणा ने पत्र में लिखा है कि यदि सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रभावशाली लोग समाज को धर्म और विचारधारा के आधार पर बांटने का प्रयास करेंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तो इससे सामाजिक सौहार्द, आपसी विश्वास और देश की एकता पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा. एक जनप्रतिनिधि रह चुके व्यक्ति द्वारा इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए अत्यंत चिंताजनक है.

सांसद मीना ने कहा कि भारत की पहचान विविधता में एकता और सामाजिक सद्भाव से है और इसे कमजोर करने वाली किसी भी मानसिकता के विरुद्ध सख्त कदम उठाना आवश्यक है. हरीश मीणा ने कहा कि पूर्व सांसद के इस व्यवहार से प्रधानमंत्री और देश की प्रतिष्ठा भी धूमिल हुई है. हरीश मीणा ने पत्र की एक कॉपी केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी भेजी है और मामले में त्वरित हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है। आपको बता दें कि सुखबीर सिंह जौनापुरिया का विवादित वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे एक कार्यक्रम में कंबल वितरित कर रहे थे और एक महिला से उसका नाम पूछने के बाद महिला से कंबल वापस यह कह कर ले लिया कि जो लोग पीएम को गाली देते हैं, उन्हें कंबल लेने का अधिकार नहीं है.