सांसद हनुमान बेनीवाल की नागौर में जन-सुनवाई, आशा सहयोगिनी, किसानों और सुरक्षा मुद्दों पर दिए कार्रवाई के निर्देश
Rajasthan Politics: आरएलपी सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोमवार को अपने नागौर स्थित आवास पर जन-सुनवाई की, जिसमें जिले के साथ-साथ अन्य जिलों से भी लोग पहुंचे. सांसद ने उपस्थित लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए.
वही जन-सुनवाई के दौरान आशा सहयोगिनीयों ने सांसद हनुमान बेनीवाल को ज्ञापन सौंपा, जिसमें मानदेय विसंगतियों को दूर करने और अन्य मांगों को शामिल किया गया. सांसद हनुमान बेनीवाल ने आशा सहयोगिनीयों की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के स्वास्थ्य तंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं. गाँव-गाँव जाकर माताओं और बच्चों की देखभाल, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुँचाने में इनकी सेवा भावना समाज को स्वस्थ बनाए रखती है. कोविड काल में भी इनकी निष्ठा और समर्पण का उदाहरण सामने आया. सांसद ने आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान, उचित मानदेय, सुरक्षा और अधिकारों के लिए पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया.
यह भी पढ़े: PM मोदी के अजमेर दौरे से पहले हनुमान बेनीवाल ने याद दिलाया ये वादा, युवाओं को लेकर कही बड़ी बात
इसके साथ ही सांसद बेनीवाल ने किसानों और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर भी तुरंत कार्रवाई की. कृषि उपज मंडी, नागौर में समर्थन मूल्य पर खरीद व्यवस्था में हुई मनमानी की शिकायत मिलने पर उन्होंने तत्काल जिला कलक्टर से दूरभाष पर वार्ता कर व्यक्तिगत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। वहीं जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर उन्होंने राजस्थान पुलिस के डीजीपी से संपर्क किया और शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन करने का आदेश दिया.










