जयपुर : राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केन्द्र और प्रदेश की BJP सरकार पर जोरदार हमला किया है. प्रदेश में विकास कार्यों में देरी को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रामक है. पूर्व सीएम अशोक गहलोत के सोशल मीडिया पोस्ट ‘इंतजार शास्त्र’ का जिक्र करते हुए टीकाराम जूली ने भजनलाल सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह सरकार शासन चलाने के लायक नहीं, बल्कि केवल कुशासन और विज्ञापनों की इवेंट कंपनी बनकर रह गई है. टीकाराम जूली ने केन्द्र सरकार के आत्मनिर्भरता के नारों को लेकर कहा कि 12 साल से आत्मनिर्भरता का जो खोखला ढोल पीटा जा रहा था, उसका सच जनता के सामने आए. जूली ने सरकार से पूछा कि आखिर देश बदहाली और बेरोजगारी के अलावा किस चीज में आत्मनिर्भर हुआ है ? टीकाराम जूली ने विकास के मुद्दे पर इसे केंद्र और राज्य की दोहरी विफलता बताया.
ये भी पढ़े : ‘मोदी सरकार के खिलाफ होनी चाहिए चार्जशीट’, BJP पर TMC का पलटवार
टीकाराम जूली ने प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सोशल मीडिया कैंपेन ‘इंतजारशास्त्र’ ने भाजपा के रणनीतिकारों की नींद उड़ा दी है. बौखलाहट में भाजपा नेता अब मानसिक संतुलन खोकर भ्रामक और लफ्फाजी भरी बयानबाजी पर उतर आए हैं. बेहतर ये होता कि ये बताते कि प्रदेश के इन महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को कब तक पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा. जूली ने कहा कि राजस्थान ईंधन की किल्लत और वेंटिलेटर पर खड़ी स्वास्थ्य सेवाओं से कराह रहा है, और सरकार अपनी ‘कुंभकर्णी नींद’ में मस्त है. उन्होंने सरकार से मांग की है कि जुमलेबाजी छोड़कर उन जनहित की परियोजनाओं को बहाल करे, जिन्हें इन्होंने द्वेषवश ठंडे बस्ते में डाल दिया है.
प्रदेश में गहराते एलपीजी और पेट्रोल संकट पर प्रहार करते हुए जूली ने कहा कि जब पूरा सिस्टम ध्वस्त हो चुका है, तब सरकार आग लगने पर कुआं खोदने का ढोंग कर रही है. राजस्थान में गैस सिलेंडर की सरेआम कालाबाजारी भाजपा के भ्रष्टाचार संरक्षण का जीता-जागता प्रमाण है.
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ पर तंज कसते हुए जूली ने कहा कि राजनीतिक नियुक्तियों में दरकिनार किए गए राजेन्द्र राठौड़ अपनी ‘राजनीतिक प्रासंगिकता’ बचाने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं. ‘इंतज़ारशास्त्र’ के खिलाफ उनकी अनर्गल टिप्पणी उनकी हताशा को दर्शाती है. जूली ने राजेंद्र राठौड़ द्वारा मेडिकल कॉलेजों के श्रेय लेने की कोशिशों को तथ्यों की हत्या करार दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सरकार ने ही प्रतापगढ़, राजसमंद और जालोर जैसे उपेक्षित जिलों में सरकारी मेडिकल कॉलेजों की घोषणा की और इसके साथ ही बजट और जमीन का इंतजाम भी किया. कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुए प्रोजेक्ट को ठप करने का आरोप लगाते हुए जूली ने कहा कि यह भाजपा का जनता विरोधी चेहरा है कि सत्ता में आते ही उन्होंने इन जीवनदायी प्रोजेक्ट्स को सिर्फ इसलिए रोक दिया क्योंकि इन्हें कांग्रेस ने शुरू किया था.
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से पूछा कि नवगठित 8 जिलों की स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार मौन क्यों है ? इन जिलों में मेडिकल कॉलेज की घोषणा न करना भाजपा की प्रशासनिक विफलता और विजन के दिवालियेपन का सबूत है. भाजपा की प्राथमिकता जनता की सेहत नहीं, बल्कि केवल पट्टिकाओं पर नाम लिखवाना है.
जेजेएम (JJM) के आंकड़ों पर जूली ने कहा कि यह सरकार जुमलाजीवी है. 45 लाख नल कनेक्शन का सफेद झूठ बोलने वाली भाजपा आज 20 लाख के आंकड़े पर ही हांफ रही है. जो लोग विपक्ष में बैठकर धीमी गति का रोना रोते थे, आज सत्ता की मलाई खाते हुए ग्रामीण राजस्थान को प्यासा मार रहे हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में त्राहि-त्राहि मची है और सरकार केवल करोड़ों के झूठे विज्ञापनों में अपनी फोटो चमकाने में व्यस्त है.
।RajasthanPolitics।TikaramJully।Congress। BJP।AshokGehlot।BhajanlalSharma। PoliticalNews। RajasthanNews। Rajasthan politics










