अनुराग सिंह के डायरेक्शन में बनी बहुचर्चित फिल्म बॉर्डर 2 शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई. यह दशक की सबसे बेहतरीन वॉर फिल्मों में से एक है. सनी देओल के शानदार अभिनय और दमदार डायलॉग ने 1971 के बसंतर युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य को पर्दे पर जीवंत कर दिया.
फर्स्ट डे, फर्स्ट शो में उमड़ी भीड़
फर्स्ट शो से ही सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी. दर्शकों ने फिल्म की कहानी, सनी देओल के साथ दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन, अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा, मेधा राणा, अनन्या सिंह के शानदार अभिनय, डायलॉग और सिनेमेटोग्राफी की जमकर तारीफ की. फिल्म में सनी देओल लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कालेर की भूमिका में है. वहीं वरुण धवन मेजर होशियार सिंह दहिया की भूमिका में, दिलजीत दोसांझ फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों और अहान शेट्टी नेवल ऑफिसर महेंद्र रावत की भूमिका में है.
फिल्म की कहानी में दिखाया गया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना ने कैसे पाकिस्तान के छक्के छुड़ाये और पाकिस्तानी सेना को पीछे हटने को मजबूर किया. युद्ध में भारतीय सेना ने चिकन नेक कॉरिडोर को सुरक्षित करने के साथ पठानकोट-जम्मू हाईवे को भी बचाया.
ये भी पढ़े : भाभी ने किया शादी से इनकार तो गुस्साए देवर ने चाकू से किये ताबड़तोड़ वार
दमदार स्क्रिप्ट, सनी देओल के डायलॉग
1997 की क्लासिक फिल्म बॉर्डर के बाद सीक्वेल में कहानी को उसी जोश के साथ आगे बढ़ाना सबसे बड़ी चुनौती थी जिस पर बॉर्डर 2 खरी उतरती है. 3.18 घंटे की फिल्म के बावजूद दमदार स्क्रिप्ट के चलते दर्शकों को बिल्कुल बोरियत महसूस नहीं होती. शानदार सेट और आर्ट डायरेक्शन ने भी फिल्म में जान डाल दी है. 69 साल की उम्र में भी सनी देओल के दमदार डायलॉग्स ने जमकर तालियां बटोरी.
एडवांस बुकिंग में पिछड़ी बॉर्डर 2
'बॉर्डर 2' जबर्दस्त फिल्म होने के बावजूद एडवांस बुकिंग के मामले में गदर-2 से पीछे छूट गई. पिछले साल आई फिल्म 'छावा' के मुकाबले भी बॉर्डर 2 की प्री-बुकिंग सुस्त रही है. 'बॉर्डर 2' ने रिलीज से पहले देश में एडवांस बुकिंग से 12.50 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की है. जबकि 'गदर 2' ने 17.60 करोड़ रुपये कमाए थे. बीते साल 'छावा' ने 13.80 करोड़ रुपये की प्री-बुकिंग की थी. देशभर में 4800 स्क्रीन्स पर 17000 शोज में इसे रिलीज किया गया है. यहां तक कि सिंगल स्क्रीन से लेकर मल्टीप्लेक्स तक फिल्म के शोज की भरमार है. इससे रणवीर सिंह की 'धुरंधर' के कारोबार पर भी असर हुआ है. हालांकि अब धुरंधर के कुछ ही शो बचे हैं. फिल्म का कुल बजट 275 करोड़ रुपये है.
https://www.youtube.com/watch?v=AU4l2rJL7x8
कमाई के लिहाज से मेकर्स और डिस्ट्रीबयूटर्स ने गणतंत्र दिवस के लॉन्ग वीकेंड का फायदा उठाने के लिए बेहद आक्रामक रणनीति अपनाई. सोमवार 26 जनवरी तक के एक्सटेंडेड वीकेंड में यदि दर्शक सिनेमाघर पहुंचेंगे तो उन्हें सिर्फ 'बॉर्डर 2' के शोज ही मिलेंगे.