जयपुर के शास्त्रीनगर में गुरुवार को देवर ने एकतरफा प्यार में विधवा भाभी की हत्या कर दी. आरोपी भाभी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किये. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और FSL टीम को भी बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाये गए. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढ़े : बादल गरजे, बिजलियां कड़की, झमाझम बारिश से तरबतर राजस्थान
पुलिस के मुताबिक शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के नेहरु नगर प्रेम बस्ती में गुरुवार शाम करीब 7.30 बजे ये वारदात हुई. मृतका की पहचान पूनम धानका के रुप में हुई है. मृतका के पति की करीब 4-5 साल पहले मौत हो चुकी है. पति की मौत के बाद वह अपने 2 बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रही थी और आसपास के घरों में खाना बनाने और सफाई का काम करके अपने बच्चों को पालन पोषण करती थी. गुरुवार को जब पूनम घर लौट रही थी तभी रास्ते में आरोपी देवर अनिल मिला. इसी दौरान दोनों में कहासुनी हुई और अनिल ने चाकू से पूनम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. पूनम को गंभीर हालत में कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौत की सूचना पर स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गए और आरोपी गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर दिया. विधायक गोपाल शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
पुलिस की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अनिल मृतका के चाचा ससुर का बेटा है. अनिल विधवा भाभी पूनम से शादी करना चाहता था. पूनम ने अनिल से शादी करने से साफ इनकार कर दिया था. इसी बात को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था. पड़ताल में सामने आया है कि उसने पहले भी एक बार पूनम पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन तब परिवार ने बात को दबा दिया था और उसके खिलाफ पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी थी.
https://www.youtube.com/watch?v=esuQ1cOd7HY