महाराष्ट्र शहरी निकाय चुनाव में ओवैसी की बड़ी जीत !
17 Jan 2026
महाराष्ट्र निकाय चुनाव के नतीजों में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने शानदार प्रदर्शन कर राजनीतिक हलको में सनसनी फैला दी है. महाराष्ट्र निकाय चुनाव में 144 पार्षदों को जिताकर ओवैसी ने ना केवल सबका ध्यान खींचा है. बल्कि राज ठाकरे और शरद पवार से भी बेहतर प्रदर्शन किया. राजनीतिक जानकारों का कहना है कि ओवैसी की पार्टी की ये जीत कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लिए खतरे की घंटी है. शहरी निकाय चुनाव नतीजों के साथ असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली पार्टी ने महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी मजबूती से उपस्थिति दर्ज कराई है. AIMIM ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) और एनसीपी (शरदचंद्र पवार गुट) से भी बेहतर प्रदर्शन किया है. शहरी निकाय चुनाव में AIMIM का ये अब तक की सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है.
महाराष्ट्र निकाय चुनाव में AIMIM को बड़ी सफलता छत्रपति संभाजीनगर में मिली, जहां पार्टी के 33 पार्षद जीते. मालेगांव में 21, नांदेड़ में 13, अमरावती में 11, धुले में 10, मुंबई और सोलापुर में 8-8, ठाणे में 5, जलगांव में 2 और परभणी में 1-1 AIMIM के पार्षदों ने जीत दर्ज की है.
कांग्रेस की क्यों बढ़ी टेंशन ?
राजनीतिक पंडितों का कहना है कि अल्पसंख्यक वोट बैंक के लिहाज से AIMIM की बढ़त कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के लिए खतरा है. महाराष्ट्र में AIMIM ने कई जगह कांग्रेस और NCP (शरद पवार गुट) के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ दिया. विधानसभा चुनाव से पहले शहरी निकाय चुनाव नतीजे महाराष्ट्र की राजनीति में AIMIM को किंगमेकर की भूमिका के संकेत दे रहे हैं. महाराष्ट्र शहरी निकाय चुनाव में भी जहां किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, वहां AIMIM की भूमिका निर्णायक होगी.