राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गौशालाओं के अनुदान, मदन राठौड़ के पाकिस्तान संबंधी बयान, महंगाई और किसानों की समस्याओं को लेकर सवाल उठाए. कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाली भाजपा सत्ता में आने के बाद जनता की समस्याओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार से उसके वादों और जमीनी कामकाज का हिसाब मांग रही है.
कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने गौवंश की देखभाल और गौशालाओं को मिलने वाले अनुदान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गायों के नाम पर वोट मांगने वाली भाजपा सरकार में गौशाला संचालकों को अनुदान के लिए जयपुर आकर गुहार लगानी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गौशालाओं को नौ महीने तक अनुदान देने का निर्णय लिया था, ताकि गौवंश की देखभाल में कोई कमी नहीं आए. वही जूली ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि जब गायों की सेवा की बात आती है, तो गौशाला संचालकों की समस्याओं का समाधान क्यों नहीं हो रहा है?
वही नेता प्रतिपक्ष जूली ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने वर्षों तक पाकिस्तान के मुद्दे पर चुनावी राजनीति की और राष्ट्रवाद के नाम पर जनता से वोट मांगे. जूली के मुताबिक, मदन राठौड़ के बयान ने भाजपा की राजनीति और उसके रुख को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के मुद्दे पर भाजपा का रवैया जनता के सामने है और पार्टी को इस पर जवाब देना चाहिए.
महंगाई के मुद्दे पर भाजपा पर हमला करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनाव के दौरान ‘बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार’ का नारा दिया गया था, लेकिन आज आम आदमी बढ़ती कीमतों से परेशान है. उन्होंने कहा कि रसोई का बजट बिगड़ रहा है और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं महंगी होने से आम परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है. टीकाराम जूली ने कहा कि दीपावली जैसे त्योहार पर भी लोगों को महंगाई से राहत नहीं मिली. उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल किया कि महंगाई कम करने के वादे को पूरा करने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं.
वही किसानों की समस्याओं को लेकर भी टीकाराम जूली ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है और फसलों को बचाने के लिए उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जूली ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में किसानों को बिजली बिलों में राहत देने और कर्जमाफी के फैसलों का उल्लेख करते हुए भाजपा से पूछा कि किसानों को राहत देने के लिए उसकी ओर से क्या कदम उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि गौवंश की देखभाल, महंगाई से राहत और किसानों की समस्याओं के समाधान जैसे मुद्दों पर सरकार को अपने चुनावी वादों का जवाब देना
चाहिए.












