PoliTalks News
विशेष रिपोर्ट

पंजाब कांग्रेस के नए 'कप्तान' सचिन पायलट, क्या सुलझा पाएंगे चन्नी-वड़िंग का विवाद?

06 सितंबर 2026
साझा करें:
पंजाब कांग्रेस के नए 'कप्तान' सचिन पायलट, क्या सुलझा पाएंगे चन्नी-वड़िंग का विवाद?

चन्नी-वड़िंग की तकरार से लेकर टिकट बंटवारे तक, पायलट के सामने चुनौतियों की लंबी फेहरिस्त, गुटबाजी खत्म कर कांग्रेस को चुनावी मोड में लाना होगी पायलट की पहली अग्नि परीक्षा..

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और वर्तमान विधायक सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी बनाकर बड़ा दांव खेला है. अब पंजाब में संगठन को मजबूत करने से लेकर गुटबाजी खत्म करने और टिकट वितरण में संतुलन साधने तक की बड़ी जिम्मेदारी पायलट के कंधों पर होगी. खास बात यह है कि पंजाब की सियासी जमीन पर पायलट का मुकाबला एक और राजस्थान के दिग्गज नेता से होगा. बीजेपी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया है. ऐसे में पंजाब की सियासत में राजस्थान के दो नेताओं की रणनीतिक टक्कर भी देखने को मिलेगी.

हालांकि पायलट के सामने सबसे बड़ी चुनौती विपक्षी दल नहीं, बल्कि अपनी ही पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को संभालना होगी. पूर्व मुख्यमंत्री एवं जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के बीच लंबे समय से जारी खींचतान चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढ़ा रही है.

चन्नी-वड़िंग विवाद सुलझाना सबसे बड़ी चुनौती

पंजाब कांग्रेस में चन्नी और वड़िंग के खेमों के बीच मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं. दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच कई मौकों पर टकराव देखने को मिला है. लुधियाना के एक कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध और 'गो बैक' के नारों ने पार्टी की अंदरूनी कलह को खुलकर सामने ला दिया था.

पिछले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पार्टी के लिए भारी पड़ी थी. ऐसे में पायलट के सामने सबसे पहला लक्ष्य दोनों गुटों को एक मंच पर लाने का होगा. सिर्फ चन्नी और वड़िंग ही नहीं, बल्कि प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत दूसरे वरिष्ठ नेताओं और उनके समर्थकों के बीच भी समन्वय स्थापित करना होगा.

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना

पायलट के सामने दूसरी बड़ी चुनौती कांग्रेस संगठन को चुनावी मोड में लाने की होगी. चुनाव से पहले पार्टी को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर मजबूत करना जरूरी होगा. फिलहाल संगठन में वड़िंग समर्थक नेताओं की मजबूत मौजूदगी है. ऐसे में चन्नी, बाजवा और रंधावा जैसे वरिष्ठ नेताओं के समर्थकों को भी संगठन में उचित प्रतिनिधित्व देना पायलट के लिए जरूरी होगा. अगर संगठन के भीतर ही असंतोष बना रहा तो इसका सीधा असर चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है.

पायलट को सभी धड़ों के नेताओं को साथ लेकर एक जॉइंट स्ट्रेटजी तैयार करनी होगी, ताकि पार्टी का पूरा फोकस बीजेपी और आम आदमी पार्टी के खिलाफ चुनावी लड़ाई पर रहे.

टिकट बंटवारा बनेगा अग्निपरीक्षा

पंजाब में कांग्रेस के लिए टिकट वितरण पायलट की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक हो सकता है. हर गुट अपने समर्थकों को अधिक से अधिक टिकट दिलाने की कोशिश करेगा. चन्नी गुट की ओर से 117 विधानसभा सीटों में से बड़ी संख्या में सीटों के संभावित दावेदारों को एकजुट कर अपनी ताकत दिखाई जा चुकी है. दूसरी ओर राजा वड़िंग लंबे समय से युवाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने की बात करते रहे हैं और 50 फीसदी टिकट युवाओं को देने की पैरवी कर चुके हैं.

ऐसे में पायलट को अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन साधना होगा. साथ ही अलग-अलग गुटों के दावों के बीच ऐसा फार्मूला निकालना होगा, जिससे चुनाव से पहले पार्टी के भीतर बगावत की स्थिति पैदा हो.

'पक्षपात' की छवि से बचना होगा

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी के तौर पर पायलट के सामने एक और अहम चुनौती निष्पक्षता की छवि बनाए रखने की होगी. पूर्व प्रभारी भूपेश बघेल पर राजा वड़िंग के पक्ष में खड़े होने के आरोप लगते रहे थे. वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की मांग पर बघेल के सख्त रुख ने पार्टी के भीतर एक धड़े को नाराज किया था.

ऐसे में पायलट को शुरुआत से ही सभी गुटों को यह भरोसा दिलाना होगा कि संगठन में फैसले किसी व्यक्ति या खेमे के आधार पर नहीं, बल्कि पार्टी के सामूहिक हित और चुनावी जीत को ध्यान में रखकर लिए जाएंगे. अगर किसी एक गुट के साथ उनकी नजदीकी की धारणा मजबूत हुई तो उनके खिलाफ भी पार्टी के भीतर असंतोष खड़ा हो सकता है.

राजस्थान के 'पायलट' की पंजाब में अग्निपरीक्षा

सचिन पायलट के लिए पंजाब की जिम्मेदारी महज संगठनात्मक नियुक्ति नहीं, बल्कि राजनीतिक परीक्षा भी है. राजस्थान में लंबे समय तक गुटीय राजनीति का सामना कर चुके पायलट अब पंजाब कांग्रेस के भीतर अलग-अलग धड़ों को साधने की चुनौती के सामने हैं. एक तरफ उन्हें चन्नी-वड़िंग विवाद को शांत करना होगा, दूसरी तरफ वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करना होगा. इसके अलावा टिकट वितरण में संतुलन और युवा नेतृत्व को जगह देने के बीच रास्ता निकालना होगा.

पायलट अगर पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को एकजुटता में बदल पाए, तो पार्टी को चुनाव से पहले नई ऊर्जा मिल सकती है. लेकिन अगर गुटबाजी कायम रही, तो कांग्रेस के लिए सत्ता की लड़ाई और मुश्किल हो सकती है. अब सवाल यही हैक्या राजस्थान की सियासत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सचिन पायलट पंजाब कांग्रेस के 'कप्तान' बनकर चन्नी-वड़िंग की सियासी 'पिच' पर भी टीम को एकजुट कर पाएंगे?

PoliTalks News - Authoritative News Portal