वीडियो को लेकर सियासी घमासान तेज, कबीर ने बताया फेक; टीएमसी ने ED जांच की उठाई मांग
Humayun Kabir Video Viral: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के चेयरमैन हुमायूं कबीर का एक कथित वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है. वीडियो में उन्हें बीजेपी नेताओं के साथ एक हजार करोड़ रुपये की डील पर चर्चा करते हुए दिखाया जा रहा है. यह वीडियो 19 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है.
करीब 19 मिनट के इस वीडियो में हुमायूं कबीर कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि वे किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सत्ता से हटाना चाहते हैं. वे दावा करते हैं कि यदि उनकी पार्टी 60-70 सीटें जीतती है, तो वे डिप्टी सीएम पद तक पहुंच सकते हैं.
वीडियो में वे बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से बातचीत, दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात की संभावना, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से संपर्क और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से जुड़ाव का भी उल्लेख करते दिखाई देते हैं.
हालांकि, हुमायूं कबीर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए वीडियो को फर्जी और एआई से तैयार बताया है. उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद वे इस मामले को अदालत में ले जाएंगे और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे. कबीर ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी इन नेताओं से न तो मुलाकात हुई है और न ही कोई बातचीत.
प्रवर्तन निदेशालय (ED) चुप क्यों – टीएमसी
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. पार्टी नेता कुणाल घोष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मुद्दे को उठाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चुप्पी पर सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए ‘बी टीम’ और ‘सी टीम’ की राजनीति कर रही है और इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए.
कबीर ने कहा- चुनाव के बाद कोर्ट जाऊंगा
हुमायूं कबीर ने एक मीडिया संस्थान को स्पष्टीकरण देते हुए बताया, ‘ये आरोप पूरी तरह फेक हैं. ये वीडियो AI से बनाया गया है. जिन लोगों ने इन्हें जारी किया है मैं उनके खिलाफ कोर्ट जाऊंगा. अभी मैं चुनाव प्रचार में व्यस्त हूं. समय मिलते ही केस करूंगा. हुमायूं कबीर ने कहा कि मैं सीएम हिमंता बिस्व सरमा, मोहन यादव से कभी नहीं मिला, न ही बात हुई.’
बाबरी मस्जिद की नींव रख चर्चा में आए थे हुमायूं
हुमायूं कबीर का राजनीतिक सफर भी काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कांग्रेस से की, फिर टीएमसी में शामिल होकर मंत्री बने, बाद में बीजेपी में गए और फिर 2021 में टीएमसी में वापसी कर विधायक बने. वर्ष 2025 में उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी का गठन किया. इसी वर्ष 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नींव रखने को लेकर भी वे चर्चा में आए थे
आगामी विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर की पार्टी 294 में से 118 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और उनका गठबंधन AIMIM के साथ है. राज्य में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी.










