



Rajasthan Politics: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) द्वारा नागौर जिले के रियां बड़ी कस्बे में शनिवार को दोपहर 12:15 बजे एक विशाल किसान रैली का आयोजन किया जाएगा. आरएलपी कार्यालय से जारी प्रेस बयान के अनुसार यह रैली मेड़ता विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में व्याप्त जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है.
रैली में बड़ी संख्या में किसान, युवा एवं मजदूर वर्ग के लोगों के शामिल होने की संभावना है. कार्यक्रम को आरएलपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि संबोधित करेंगे.
रैली में अवैध बजरी खनन और बजरी माफियाओं की मनमानी, रेलवे लाइनों के लिए अधिग्रहित भूमि के गलत सर्वे व कम मुआवजे से प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने, मेड़ता विधानसभा क्षेत्र में अतिवृष्टि से प्रभावित गांवों को आपदा श्रेणी में शामिल कराने, हाई टेंशन विद्युत लाइनों से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने, धनापा–पुंदलू क्षेत्र में गौचर भूमि की किस्म परिवर्तन के मामलों तथा फसल बीमा कंपनियों की मनमानी जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा.
खून से लिखकर सौंपा ज्ञापन
गुरुवार को नागौर स्थित सांसद आवास पर अलाय को पंचायत समिति मुख्यालय बनाने की मांग को लेकर पशु प्रदर्शनी स्थल पर आंदोलन कर रहे नागरिकों ने खून से लिखा ज्ञापन सांसद हनुमान बेनीवाल को सौंपा। इस दौरान बेनीवाल ने कहा कि कड़ाके की ठंड में किसान और ग्रामीण आंदोलित हैं, सरकार को चाहिए कि वह उनकी मांगों पर त्वरित और सकारात्मक निर्णय ले।
खरीद केंद्रों पर मनमानी पर लगेगी लगाम
नागौर आवास पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान नागौर, चुरू और बीकानेर सहित कई जिलों के किसानों ने समर्थन मूल्य पर मूंगफली और मूंग खरीद केंद्रों पर ठेकेदारों एवं कर्मचारियों की मनमानी की शिकायत की। इस पर सांसद बेनीवाल ने तत्काल राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर किसानों की उपज बिना किसी बाधा के खरीदने और मनमानी पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में उमड़ी भीड़
गुरुवार को सांसद हनुमान बेनीवाल के नागौर स्थित आवास पर जनसुनवाई के दौरान सड़क, पानी, बिजली और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सांसद ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
माली समाज ने भागवत कथा का दिया निमंत्रण
नागौर आवास पर माली समाज के गणमान्य लोगों ने समाज द्वारा आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा का औपचारिक निमंत्रण सांसद हनुमान बेनीवाल को दिया।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्राओं का हुआ सम्मान
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्तरीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में खींवसर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नागड़ी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं रेणुका कागट और भावना सोउ ने राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया। गुरुवार को दोनों छात्राओं ने सांसद हनुमान बेनीवाल से मुलाकात की, जिस पर सांसद ने उन्हें नगद पारितोषिक देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


