राजस्थान के 309 नगर निकायों के लिए आगामी 9 और 11 सितंबर को मतदान होगा. इस चुनाव के लिए भाजपा—कांग्रेस दोनों ही पार्टी के बडे नेता अपने प्रत्याशियों के लिए जमकर प्रचार प्रसार कर रहे हैं. प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज भीलवाडा और उदयपुर में पार्टी प्रत्याशियों के लिए रोड शो किया. वहीं राजस्थान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने विधानसभा क्षेत्र लक्ष्मणगढ में कांग्रेस प्रत्याशियों का प्रचार किया. राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली अलवर जिले के दौरे पर रहे जहां जूली ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया इसके साथ ही पत्रकारों से रूबरू होते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा.
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पत्रकारों से बातचीत में अलवर नगर निगम चुनाव को लेकर कहा कि सबसे पहला काम यह है कि हम भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने का काम करेंगे. आज इस सरकार के अंदर ऊपर से नीचे तक डबल इंजन की सरकार है और चार इंजन का भ्रष्टाचार है, चार गुना ज्यादा. यहां सफाई के जो डब्बे खरीदे, उनके अंदर, टिपर के अंदर और यहां तक कि जेसीबी के अंदर बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है. इन सारे भ्रष्टाचारों की जांच होगी. आज जो सारे नाले जाम पड़े हैं, सीवरेज जाम है, बरसात का पानी सड़कों पर भरा हुआ है, सड़कें टूटी पड़ी हैं, जाम लगा हुआ है, कोई प्लानिंग नहीं है. यह सारा काम करेंगे. यह जो घोषणा पत्र हमने बनाया है, बहुत सोच-समझकर बनाया है और हमने पहले भी काम करके दिखाए हैं.
जूली ने आगे कहा कि अलवर शहर के अंदर जो काम हुआ, चाहे वह फ्लाईओवर बनने का काम हो, चाहे सीवरेज का काम हो, चाहे अलवर के सौंदर्यीकरण का काम हो गया, सामुदायिक भवन, विकास के कार्य हों, मिनी सचिवालय बनाने का काम हो, यहां मेडिकल कॉलेज जो बनाया है, यह सारे काम कांग्रेस ने किए हैं. भाजपा को हार का डर सता रहा है. नगर निगम के चुनाव में देश के गृहमंत्री को लेकर आ रहे हैं. मुख्यमंत्री भी आए थे, पांच-सात मंत्री और भी आए थे, सारे नेता इनके आए थे और अब जो रिपोर्ट आई, उसमें फिर यही आया है कि यह हार रहे हैं तो अबकी बार फिर मुख्यमंत्री जी को बुला रहे हैं. यहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आने से वोट कटेंगे, बढ़ेंगे नहीं, यह तय है.
जूली ने कहा कि 100 दिन, 50 दिन की बात नहीं है. हम पहले दिन से, पहले दिन से हमारे मेनिफेस्टो पर काम करेंगे और पैसे की कोई कमी नहीं है. नगर परिषद से जैसे ही नगर निगम बना तो पैसा तो ऑलरेडी दो-तीन गुना बढ़ गया, लेकिन भ्रष्टाचार की वजह से वह पैसा सही जगह नहीं लग पा रहा है. हम प्लानिंग करके उसको सही जगह पर लगाने का काम करेंगे. यह तानाशाही है, गुंडागर्दी है. ऐसे लोगों को भारतीय जनता पार्टी की शह है. आज प्रदेश के अंदर कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है. ऐसी गुंडागर्दी सरेआम हो रही है. बीजेपी को जवाब देना चाहिए, क्या कर रहे हैं यह लोग, क्यों ऐसा हो रहा है. जो मर्जी आए, जो जिसको पीट देता है, यही नहीं, देश के अंदर भी जो मर्जी मारपीट कर देता है, बीजेपी का उनको संरक्षण प्राप्त है. बीजेपी के पदाधिकारी और आरएसएस से जुड़े हुए लोग इस प्रकार की बातें करते हैं.
Rajasthan Nikay Chunav I Nikay Chunav I Nikay Chunav 2026 I Tikaram Jully I Bhajanlal Sharma I Rajasthan Politics I Rajasthan Bjp I Rajasthan Congress I Political News I Politalks News I













