महाराष्ट्र में छठ पूजा के आयोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग लेने लगा है. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे की पार्टी की ओर से मुंबई में छठ पूजा के आयोजनों पर आपत्ति जताए जाने के बाद बिहार की राजनीति से जुड़े नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन्हें 'लंपट' तक कह दिया. वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने भी मनसे प्रमुख पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि राज ठाकरे कौन हैं, उन्हें जानता ही कौन है? दोनों नेताओं के बयानों के बाद छठ पूजा को लेकर महाराष्ट्र और बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है.
'राज ठाकरे कभी इधर तो कभी उधर- पीके
प्रशांत किशोर ने राज ठाकरे की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वह किस तरफ खड़े हैं. कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हैं तो अगले ही दिन उनकी आलोचना करने लगते हैं. कभी इधर हो जाते हैं तो कभी उधर. पीके ने आरोप लगाया कि राज ठाकरे का एकमात्र उद्देश्य किसी तरह मीडिया में चर्चा में बने रहना है.
उन्होंने मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राज ठाकरे जैसे लोगों को अनावश्यक रूप से तवज्जो दी जाती है. जब उन्हें कोई नहीं पूछता, तब वे उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के खिलाफ बयान देकर सुर्खियों में आने की कोशिश करते हैं.
प्रशांत किशोर ने कहा कि जब छह महीने तक कोई चर्चा नहीं करता, तब यूपी-बिहार के लोगों को लेकर कोई बयान दे दिया जाता है. उन्होंने सवाल उठाया कि महाराष्ट्र में एनडीए और बीजेपी की सरकार है, ऐसे में यदि हिंदी भाषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई या विवाद होता है तो बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग बीजेपी से जवाब मांगेंगे. उन्होंने कहा कि किसी को भी यह नहीं समझना चाहिए कि किसी प्रदेश या शहर पर उसका व्यक्तिगत अधिकार है.
रोहिणी आचार्य का पलटवार- 'ये राज ठाकरे कौन हैं?'
इस विवाद में रोहिणी आचार्य ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि आखिर राज ठाकरे कौन हैं और कौन से नेता उनका समर्थन कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि उन्हें जानता ही कौन है.
रोहिणी ने आरोप लगाया कि हर साल छठ पूजा के अवसर पर कुछ लोग मीडिया का ध्यान आकर्षित करने और सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के विवाद खड़े करते हैं. उन्होंने कहा कि बिहार की संस्कृति और आस्था को नीचा दिखाने की कोशिश करने वालों को तवज्जो देने की जरूरत नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि छठी मैया राज ठाकरे को सद्बुद्धि दें. रोहिणी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में विवाद को लेकर चर्चा और तेज हो गई.
क्या है पूरा छठ पूजा विवाद?
दरअसल, मुंबई में छठ पूजा के आयोजन को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने आपत्ति जताई है. मनसे नेताओं ने बाणगंगा में छठ पूजा आयोजित करने पर विरोध दर्ज कराते हुए मुंबई पुलिस को पत्र लिखा है. पार्टी की ओर से गिरगांव चौपाटी सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर छठ पूजा के आयोजन के बाद होने वाली गंदगी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का मुद्दा भी उठाया गया है.
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भी सोशल मीडिया के जरिए इस विषय पर अपनी राय रखी. उन्होंने छठ पूजा से जुड़ी कुछ सोशल मीडिया रील्स को 'सांस्कृतिक आक्रमण' करार दिया. इसके अलावा मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी संगीत बजाने की कोशिशों को भी मनसे कार्यकर्ताओं ने रुकवाया. मनसे की आपत्तियों के बाद छठ पूजा के सार्वजनिक आयोजनों, स्थानीय संस्कृति और भाषाई पहचान को लेकर बहस शुरू हो गई है.
बिहार की आस्था और मुंबई की राजनीति आमने-सामने
गौरतलब है कि छठ पूजा बिहार और पूर्वांचल के सबसे प्रमुख लोकपर्वों में से एक है. मुंबई सहित देश के अलग-अलग महानगरों में रहने वाले बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लाखों लोग भी इसे पूरी श्रद्धा और परंपरा के साथ मनाते हैं. ऐसे में मुंबई में छठ पूजा के आयोजन को लेकर मनसे की आपत्तियों ने एक बार फिर स्थानीय बनाम बाहरी और भाषाई पहचान की बहस को हवा दे दी है. एक ओर मनसे सार्वजनिक स्थलों और पर्यावरण से जुड़े मुद्दे उठा रही है, वहीं दूसरी ओर बिहार के नेताओं ने इसे सांस्कृतिक आस्था और प्रवासी समुदाय के सम्मान से जोड़कर सवाल खड़े किए हैं.
फिलहाल छठ पूजा के आयोजन को लेकर शुरू हुआ विवाद राजनीतिक बयानबाजी का विषय बन गया है. आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर महाराष्ट्र और बिहार के नेताओं की ओर से और प्रतिक्रियाएं सामने आने की संभावना है.











