आपके काम की खबर: खाटूश्यामजी फाल्गुन मेले का हुआ आगाज, जानें कैसी रहेगी व्यवस्था?

15 दिन पहले ही खाटू में लगा श्रद्धालुओं का तांता, 28 फरवरी तक 35 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद, पदयात्रियों के लिए किये खास इंतजाम, पूरे मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर

सीकर जिले में स्थित विश्व विख्यात तीर्थ खाटूश्यामजी मंदिर में हर साल लगने वाला फाल्गुनी मेला आज से शुरू हो गया है. 28 फरवरी तक चलने वाले इस मेले में लगभग 35 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. देशभर से बाबा श्याम के भक्त खाटू पहुंच रहे हैं और हर तरफ श्रद्धालुओं का रैला नजर आ रहा है. मेले के दौरान दूर-दूर से हजारों पदयात्री भी खाटू श्याम बाबा के दरबार में पहुंच रहे हैं. इस दौरान कई राजनेता और सेलिब्रिटी भी बाबा श्याम के दर्शन करने पहुंचेंगे. मंदिर परिसर में फाल्गुन का रंग भी दिखने लगा है और श्रद्धालु यहां रंग-गुलाल उड़ाते नजर आ रहे हैं.

ये भी पढ़े : राहुल गांधी की कोर्ट में पेशी, जमानत औपचारिकताएं हुई पूरी, बीजेपी ने दिखाए काले झंडे

15 दिन पहले से ही लगा श्रद्धालुओं का तांता
मेले की विधिवत शुरूआत भले ही शनिवार से हुई है, लेकिन 15 दिन पहले से ही यहां श्याम भक्तों का तांता लगा हुआ है. मेले के दौरान भारी भीड़ के मद्देनजर हजारों श्रद्धालु पहले ही खाटूश्याम जी के दर्शन कर लौट गये हैं. मेले में उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर मंदिर कमेटी और पुलिस-प्रशासन ने करीब महीनेभर पहले ही तैयारियां शुरू कर दी थी. मेले को लेकर पुलिस, जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी, खाटूश्याम धाम ने आपसी समन्वय से सुरक्षा, यातायात, दर्शन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को यहां किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

17 किमी. लंबा पैदल कॉरिडोर
भीड़ नियंत्रण को लेकर रींगस से खाटू तक 17 किलोमीटर लंबा स्पेशल पैदल कॉरिडोर तैयार किया गया है. ये पैदल मार्ग पूरी तरह वाहनों से मुक्त रखा गया है और पूरे रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, विश्राम और शौचालय आदि की व्यवस्थाएं की गई है. इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र को 22 मुख्य सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में बांटा गया है. पूरे मेला क्षेत्र 5000 से ज्यादा जवानों और पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है. इसके साथ ही निगरानी के लिए पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं. इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला परिसर में 12 स्थानों पर पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं.

श्रद्धालुओं को नहीं होगी कोई परेशानी
पुलिस सोशल मीडिया पर भी मेले से संबंधित सूचनाएं प्रसारित भी कर रही है. मंदिर परिसर और प्रमुख प्रवेश द्वारों पर 44 डिजिटल एलईडी स्क्रीन लगाई गई है ताकि श्रद्धालुओं की दर्शन के लिए वेटिंग टाइम, आरती का समय, मौसम अलर्ट, पार्किंग, सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश आदि की जानकारी मिलती रहे. मेले के दौरान अपनों बिछडे़ लोगों और खोये हुए सामान आदि की जानकारी लगातार प्रसारित की जाएगी.