PoliTalks News
न्यूज़ टॉक्स लाइव

जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में चमत्कार: डॉ. प्रेरणा भट ने गर्भ में ही शिशु को दिया नया जीवन

24 जून 2026
साझा करें:
जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में चमत्कार: डॉ. प्रेरणा भट ने गर्भ में ही शिशु को दिया नया जीवन

मां के गर्भ में ही दिल की गंभीर बीमारी का इलाज, MGH अस्पताल की बड़ी उपलब्धि

Mahatma Gandhi Hospital Jaipur: जयपुर के प्रतिष्ठित महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने चिकित्सा विज्ञान की मदद से एक असाधारण और जीवन-रक्षक कारनामा कर दिखाया है. यहाँ की फीटल एवं पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रेरणा भट ने गर्भावस्था के 25वें सप्ताह में ही एक अजन्मे शिशु (भ्रूण) में 'सुप्रावेंट्रिकुलर टैकीकार्डिया' (SVT) नामक गंभीर हृदय गति विकार का पता लगाया. इस बीमारी में गर्भस्थ शिशु का दिल अत्यधिक तेज गति से धड़क रहा था, जिससे उसे हार्ट फेलियर और गर्भ में ही मृत्यु का बड़ा खतरा था. डॉ. प्रेरणा ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गर्भवती महिला को 'ट्रांसप्लेसेंटल एंटी-अरिदमिक थेरेपी' दी, जिसके जरिए दवा प्लेसेंटा के माध्यम से सीधे शिशु तक पहुँची. इस थेरेपी के मात्र 72 घंटे के भीतर भ्रूण की हृदय गति सामान्य हो गई और गर्भावस्था सुरक्षित रूप से आगे बढ़ी.

करीब 10 हफ्तों तक स्थिति पूरी तरह स्थिर रही, लेकिन 35वें सप्ताह में जब यह समस्या दोबारा उभरी, तो डॉक्टरों की टीम ने तुरंत प्रसव (डिलीवरी) कराने का फैसला लिया. जन्म के बाद भी नवजात शिशु को अगले 48 घंटों तक दिल की धड़कन तेज होने की समस्या (टैकीअरिदमिया) बनी रही. ऐसे में विशेषज्ञों ने दो विशेष एंटी-अरिदमिक दवाओं के कॉम्बिनेशन से स्थिति को नियंत्रित किया और 72 घंटे के भीतर बच्चे का दिल पूरी तरह सामान्य रूप से धड़कने लगा. अब नवजात पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है.

इस बड़ी सफलता पर बात करते हुए डॉ. प्रेरणा भट ने बताया कि आज एडवांस फीटल कार्डियोलॉजी सेवाओं के कारण गर्भावस्था के दौरान ही दिल की गंभीर बीमारियों का इलाज संभव हो चुका है. हालांकि, इतने शुरुआती हफ्तों में इस तरह के जटिल मामलों को संभालना देश के कुछ गिने-चुने चुनिंदा सेंटर्स पर ही मुमकिन है. उन्होंने इसका पूरा श्रेय टीम वर्क को देते हुए प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग (Gynecology) और नवजात शिशु रोग विशेषज्ञों (Neonatology) का आभार व्यक्त किया. गौरतलब है कि महात्मा गांधी अस्पताल उत्तर भारत के उन अग्रणी संस्थानों में शामिल है, जहाँ फीटल एवं पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी की सभी आधुनिक सेवाएँ उपलब्ध हैं, जिससे जन्मजात हृदय रोगों से पीड़ित बच्चों को एक नया जीवन मिल रहा है.


Mahatma Gandhi Medical College Jaipur, MGM Hospital Jaipur, Dr. Prerna Bhat Cardiologist, Best Pediatric Cardiologist Jaipur  

जयपुर मेडिकल न्यूज़, गर्भ में बच्चे का इलाज, महात्मा गांधी हॉस्पिटल हार्ट डॉक्टर, शिशु के दिल की बीमारी का इलाज

PoliTalks News - Authoritative News Portal