PoliTalks News
बड़ी खबर

हमारे युवाओं को खून के आंसू रुलाए, पेपरलीक और घोटाले किए..', गहलोत सरकार पर बरसे सीएम भजनलाल

16 नवंबर 2026
साझा करें:
हमारे युवाओं को खून के आंसू रुलाए, पेपरलीक और घोटाले किए..', गहलोत सरकार पर बरसे सीएम भजनलाल

पेपरलीक और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर पिछली सरकार पर साधा निशाना, बोले- तीन साल में 410 परीक्षाएं हुईं, एक भी पेपर लीक नहीं हुआ

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए पेपरलीक, भर्ती प्रक्रियाओं और सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए. जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के राज्यस्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में युवाओं के सपने चूर-चूर होते थे और पेपर लीक होने से उन्हें निराशा झेलनी पड़ती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले टैबलेट, स्कूटी और यूनिफॉर्म वितरण जैसी योजनाओं में भी घोटाले होते थे, लेकिन उनकी सरकार ने इन व्यवस्थाओं में बदलाव किया है और अब योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों, मजदूरों, पशुपालकों और उनके बच्चों तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचाना है. उन्होंने भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त करने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि सरकार पारदर्शी व्यवस्था बनाने की दिशा में काम कर रही है.

4 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने का दावा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि सरकार के पिछले तीन वर्षों में 410 परीक्षाएं आयोजित की गई हैं और इनमें एक भी पेपर लीक नहीं हुआ. उन्होंने दावा किया कि सरकार ने पांच साल में 4 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन अब इससे अधिक नियुक्तियां दी जाएंगी.

सीएम के अनुसार, अब तक 1.93 लाख नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 70 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है. इसके अलावा 1.25 लाख पदों के लिए विज्ञप्तियां जारी की जा चुकी हैं. उन्होंने कहा कि सरकार अपने रोजगार संबंधी संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है.

युवाओं को भ्रमित करने वालों से सतर्कता की अपील

मुख्यमंत्री ने युवा वर्ग से अपील करते हुए कहा कि आज भी कुछ लोग युवाओं को भ्रमित करने और उन्हें भटकाने का प्रयास कर रहे हैं. ऐसे लोग युवाओं के सच्चे हितैषी नहीं हैं. उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और माता-पिता के मार्गदर्शन को महत्व देने की बात कही.

विकास के लिए 3,200 करोड़ रुपये का प्रावधान

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने पिछले तीन वर्षों में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए लगभग 3,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है.

उन्होंने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों में 10 आश्रम छात्रावास, 3 आवासीय विद्यालय, एक नया खेल छात्रावास और 250 नए मां-बाड़ी केंद्र खोले गए हैं. इन प्रयासों का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है.

पीएम जनमन और धरती आबा अभियान से लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम जनमन योजना के तहत बारां जिले के सहरिया क्षेत्र में 15 हजार से अधिक आवास उपलब्ध करवाए गए हैं. वहीं, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से प्रदेश के 6 हजार से अधिक गांवों में रहने वाले 55 लाख जनजातीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने जनजातीय किसानों के लिए संचालित योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि नि:शुल्क संकर मक्का बीज मिनी किट कार्यक्रम के तहत 25 लाख से अधिक मिनी किट वितरित किए गए हैं. इसके साथ ही 3.50 लाख से अधिक नि:शुल्क हाइब्रिड सब्जी बीज मिनी किट भी उपलब्ध करवाए गए हैं.

किसानों के लिए सोलर पंप और बीज वितरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए पीएम कुसुम योजना के तहत 8 लाख से अधिक सोलर पंप स्थापित किए जाने का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और जनजातीय समुदाय के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम कर रही है.

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसने जनजातीय समाज की महिला को राष्ट्रपति पद तक पहुंचाने का काम किया है. उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय का सम्मान, अधिकार और विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं.

संबंधित समाचार

महत्वपूर्ण खबरें

PoliTalks News - Authoritative News Portal