Hanuman Beniwal Big statement: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने बुधवार को जयपुर में भाजपा और प्रदेश सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा उनके 'सामाजिक बहिष्कार' से जुड़े बयान पर कड़ा ऐतराज जताया. हनुमान बेनीवाल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इस मामले में अपने अधिवक्ता के माध्यम से राठौड़ को कानूनी नोटिस भेजा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस नोटिस का कोई संतोषप्रद जवाब नहीं आता है, तो वे आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे.
कार्यकर्ताओं का बचाव और मुकदमों पर पलटवार
सांसद हनुमान बेनीवाल ने आरएलपी कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के विरोध को पूरी तरह से लोकतांत्रिक बताया. उन्होंने सत्ताधारी दल की आलोचना करते हुए कहा कि इस लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति को स्वीकार करने के बजाय कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाकर उन्हें गिरफ्तार करना कतई उचित नहीं है. इसके अलावा, नागौर के रियां बड़ी में बजरी माफियाओं के खिलाफ 5 महीने पहले निकाली गई रैली को लेकर अब दर्ज हो रहे मुकदमों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं और राजस्थान की जनता समय आने पर भाजपा को इसका करारा जवाब देगी.
रोजगार और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ हनुमान बेनीवाल ने युवाओं और प्रदेश की जनता से जुड़े कई अहम मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि प्रक्रियाधीन सरकारी भर्तियों में एक साल का वेटिंग नियम (प्रतीक्षा सूची) तत्काल लागू किया जाए और विभागों में खाली पड़े पदों को शीघ्रता से भरा जाए. प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले जनता से किए गए अपने सारे वादों को सत्ता में आते ही पूरी तरह भूल गई है.
वही राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने भाजपा को खुली चुनौती देते हुए उनके उस बयान पर तीखा पलटवार किया है, जिसमें कथित तौर पर उन्हें मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में न घुसने देने की बात कही गई थी. इस चुनौती को स्वीकार करते हुए बेनीवाल ने ऐलान किया है कि वह इसी महीने भरतपुर में लाखों लोगों की एक विशाल रैली का आयोजन करेंगे. सत्ताधारी पार्टी को सीधे तौर पर ललकारते हुए उन्होंने कहा कि अगर भाजपा में हिम्मत है तो उन्हें रोक कर दिखाए. इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि वह इस रैली के जरिए भाजपा को दिखा देंगे कि प्रदेश और देश की राजनीति में हनुमान बेनीवाल की क्या ताकत और अहमियत है.










