हवा-हवाई सरकार, असुरक्षित लोकतंत्र: टीकाराम जूली का भाजपा के ‘दिखावटी’ अंबेडकर प्रेम पर करारा वार

जब सरकार खुद को और विधानसभा को नहीं बचा पा रही, तो बेटियों और आम जनता की रक्षा क्या करेगी? यह ‘नाममात्र’ की सरकार अब विदा होने के लायक है- टीकाराम जूली

Rajasthan Politics: राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा हमला बोलते हुए इसे ‘अस्तित्व विहीन’ सरकार करार दिया है. बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर जूली ने आरोप लगाया कि भाजपा का दलित प्रेम और संविधान के प्रति सम्मान केवल एक चुनावी स्वांग है, जबकि असलियत में यह सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का गला घोंट रही है.

निकाय चुनाव न कराना: “संविधान का अपमान और कोर्ट की अवमानना
कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में हो रही देरी को लेकर भजनलाल सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि माननीय न्यायालय के स्पष्ट आदेश थे कि 15 अप्रैल 2026 तक चुनाव संपन्न करा लिए जाएं. इसके बावजूद सरकार ने चुनाव नहीं कराए. यह न केवल बाबा साहेब के संविधान की अवहेलना है, बल्कि सीधे तौर पर न्यायालय की अवमानना भी है.

यह भी पढ़े: JJM घोटाला: आरोपी सुबोध अग्रवाल ने सुधांश पंत पर फोड़ा ठीकरा, हिला प्रशासनिक गलियारा!

नेता प्रतिपक्ष जूली ने आगे कहा कि जो दल लोकतंत्र की प्राथमिक इकाई (स्थानीय निकायों) को पंगु बना रहा है, उसे बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. भाजपा का असली एजेंडा दलितों और वंचितों के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करना है.

सुरक्षा पर सवाल: ‘जब विधानसभा ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता का क्या?’
राजस्थान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के गंभीर मुद्दे पर टीकाराम जूली ने सरकार के ‘इकबाल’ पर सवाल उठाए. उन्होंने कानून व्यवस्था की बदहाली पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अपराधियों के बुलंद हौसले है, अपराधी अब सीधे शासन-प्रशासन को ललकार रहे हैं कि ‘हमें पकड़ कर दिखाओ’.

असुरक्षित संस्थान: जब हाई कोर्ट और विधानसभा जैसी जगहें सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?
भय के साये में बेटियां: राजधानी जयपुर में सरेराह छेड़छाड़ की बढ़ती वारदातों ने छात्राओं और उनके अभिभावकों में डर पैदा कर दिया है.

‘इवेंट में व्यस्त सरकार, रसातल में कानून व्यवस्था’
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था रसातल में जा चुकी है, लेकिन सरकार को ‘इवेंट्स’ से फुर्सत नहीं मिल रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी. भाजपा की कथनी और करनी का अंतर अब जनता के सामने है. यह सरकार अब सिर्फ नाम के लिए अस्तित्व में रह गई है.