PoliTalks News
बायोग्राफी

महुआ माजी की जीवनी | Mahua Maji Biography in Hindi

16 अक्टूबर 2026
साझा करें:
महुआ माजी  की जीवनी | Mahua Maji Biography in Hindi

Mahua Maji Biography in Hindi - इस लेख में हम आपको महुआ माजी  जीवनी, शिक्षा, परिवार, बच्चों और राजनीतिक करियर के बारे में बताएंगे.


महुआ माजी  की जीवनी (Mahua Maji Biography in Hindi)

Mahua Maji Latest News  - हिंदी की चर्चित लेखिका और सामाजिक कार्यकर्ता महुआ माजी झारखंड से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की राज्यसभा सांसद हैं. इससे पहले वे झारखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रहने के साथ ही जेएमएम के महिला संगठन में भी महत्वपूर्ण पद पर आसीन रह चुकी हैं. वर्ष 2022 में पार्टी ने उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया, जिसके बाद वे निर्विरोध निर्वाचित होकर संसद के उच्च सदन पहुंचीं. इस लेख में हम आपको महुआ माजी  के जीवन परिचय (Mahua Maji Biography in Hindi) के बारें में जानकारी देने वाले है.

महुआ माजी  जन्म और परिवार (Mahua Maji Birth & Family)

महुआ माजी (Mahua Maji) का जन्म 10 दिसंबर 1964 को झारखंड की राजधानी रांची में हुआ था. उनके पिता का नाम श्री परिमल घोष (Shri Parimal Ghosh) और माता का नाम श्रीमती  सुषमा घोष (Shrimati Sushma Ghosh) है.

उनका विवाह 28 नवंबर 1981 को श्री सुबोध कुमार माजी (Shri Subodh Kumar Maji) से हुआ था. उनके दो बेटे हैं, जिनके नाम सोमवित और शोमिक हैं. राज्यसभा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, महुआ माजी पेशे से लेखिका, राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता हैं.

महुआ माजी पर कोई आपराधिक मामले नहीं हैं. (स्रोत: myneta.info -2022)

स्थायी पता : 18-सी, राधा गोविंद स्ट्रीट, थरपखना, पीएस - लालपुर, झारखंड, रांची - 834001

दूरभाष- 0651-2913144, 23232386

वर्तमान पता : फ्लैट नंबर बी-9, टावर ए2, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग नई दिल्ली-110002

महुआ माजी की शिक्षा (Mahua Maji Education)

डॉ. महुआ माजी ने रांची विश्वविद्यालय, रांची, झारखंड से वर्ष 1994 में समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर (एम.ए.) किया. साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (यूजीसी-नेट) भी उत्तीर्ण की. इसके बाद उन्होंने वर्ष 2001 में समाजशास्त्र में पीएचडी (डॉक्टरेट) की उपाधि प्राप्त की.

(स्रोत: राज्यसभा की आधिकारिक वेबसाइट / मायनेता वेबसाइट)

महुआ माजी का शुरुआती जीवन (Mahua Maji Early life)

राजनीति में आने से पहले डॉ. महुआ माजी की पहचान हिंदी साहित्य की लेखिका के रूप में बन चुकी थी. उनका उपन्यास ‘मैं बोरिशाइल्ला’ बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम की पृष्ठभूमि पर आधारित है. वहीं, उनका दूसरा चर्चित उपन्यास ‘मरंग गोड़ा नीलकंठ हुआ’ झारखंड के जादूगोड़ा क्षेत्र में यूरेनियम खनन से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है. उनके साहित्यिक लेखन ने उन्हें हिंदी साहित्य जगत में अलग पहचान दिलाई. इसके अलावे उनकी कई कहानियां भी है. साहित्य और सामाजिक कार्यों से जुड़ी रहीं महुआ माजी ने आगे चलकर झारखंड की राजनीति में भी अपनी पहचान बनाई.

महुआ माजी  राजनीतिक करियर (Mahua Maji Political Career)

डॉ. महुआ माजी का राजनीतिक सफर झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ आगे बढ़ा. साहित्य और सामाजिक कार्यों से जुड़ने के बाद वे पार्टी की राजनीति में सक्रिय हुईं. वे जेएमएम के महिला संगठन की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं. महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रियता के चलते वर्ष 2013 में उन्हें झारखंड राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष बनाया गया. झारखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल 2013-16 तक रहा. 

महुआ माजी ने विधानसभा चुनाव के जरिए भी अपनी राजनीतिक पहचान बनाने की कोशिश की. वर्ष 2014 में उन्होंने रांची विधानसभा सीट (Ranchi Assembly constituency) से झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सी. पी. सिंह से हार गईं. वर्ष 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव में भी वे इसी सीट से लगातार खड़ी होती रही पर उन्हें इस सीट से लगातार तीन पराजय मिली. हालांकि, इन तीन लगातार चुनावी हार  के बावजूद उनका पार्टी में महत्व कम नहीं हुआ. 

इसी के चलते मई 2022 में झारखंड के मुख्यमंत्री और जेएमएम के नेता हेमंत सोरेन ने उन्हें राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया. उनके नामांकन के समय कांग्रेस और जेएमएम के बीच सीट को लेकर राजनीतिक चर्चा भी हुई. इसके बावजूद जेएमएम ने उनके नाम पर आगे बढ़ने का फैसला किया. जून 2022 में झारखंड से राज्यसभा की सीट के लिए हुए चुनाव में वे निर्विरोध निर्वाचित हुईं. उन्होंने जुलाई 2022 में राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना कार्यकाल शुरू किया और इस तरह जीवन में अब तक कोई भी चुनाव न जीतने वाली महुआ माजी पहली बार राज्यसभा के माध्यम से संसद पहुंचीं. 

राज्यसभा में सदस्य बनने के बाद महुआ माजी को विभिन्न संसदीय समितियों में भी जिम्मेदारी मिली. सितंबर 2022 से जून 2024 तक वे महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की सदस्य रहीं. वे महिला सशक्तीकरण संबंधी समिति की सदस्य भी रह चुकी हैं. इसके अलावा, वे कोयला, खान और इस्पात संबंधी समिति में सितंबर 2022 से जून 2024 तक तथा सितंबर 2024 से आगे भी सदस्य रही हैं. अक्टूबर 2024 से वे सदन में रखे जाने वाले पत्रों संबंधी समिति की सदस्य हैं. फरवरी 2026 से वे भारत-ब्राजील संसदीय मैत्री समूह और संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की सदस्य भी हैं. वर्तमान में महुआ माजी झारखंड से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की राज्यसभा सांसद हैं. उनका मौजूदा कार्यकाल जुलाई 2022 से जुलाई 2028 तक निर्धारित है.

महुआ माजी की संपत्ति (Mahua Maji Property)

2022 में राज्यसभा के चुनाव में दाखिल किये गए हलफनामे के अनुसार महुआ माजी की कुल संपत्ति 3.28 करोड़ रूपये हैं, जबकि उनपर 1.56 करोड़ रुपये का कर्ज हैं.

इस लेख में हमने आपको महुआ माजी  जीवनी (Mahua Maji Biography in Hindi) के बारे में जानकारी दी है. अगर आपका कोई सुझाव है तो हमें कमेंट करके जरूर बताएं.


PoliTalks News - Authoritative News Portal