Jaipur : प्रदेश की जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर लगातार सियासी हमले कर रही है. राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की वर्तमान बदहाली पर भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं और RGHS योजना बेपटरी होने की कगार पर पहुंच गई. निजी अस्पताल संचालक बकाया भुगतान नहीं मिलने से परेशान है और पिछले साल ही सरकार को चेतावनी दे चुके हैं कि भुगतान नहीं मिलने पर सेवाएं ठप की जाएगी, लेकिन सरकार बेरुखी और संवेदनहीनता की मूर्ति बनी रही और इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया. टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि आज राजस्थान एक गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जनता की पीड़ा समझने के बजाय ‘नॉन-रेसिडेंट मुख्यमंत्री’ की भूमिका निभा रहे हैं.
ये भी पढ़े : ‘चुनाव आयोग BJP का दलाल’- TMC के इस नेता का बड़ा बयान
टीकाराम जूली ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राजस्थान की चिकित्सा और व्यवस्था लगभग ध्वस्त हो चुकी है. जनता का जीवन खतरे में है, लेकिन मुख्यमंत्री जी का एक पैर हमेशा दिल्ली में ही रहता है. उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री को कॉन्फिडेंट होकर नेतृत्व करना चाहिए था और स्वास्थ्य मंत्री जो को इस संकट को सुलझाने के लिए निर्देश देने चाहिए थे. टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेशभर में निजी अस्पतालों और दवा दुकानों के करोड़ों रुपये अटके हुए हैं और इसका खामियाजा मरीजों और बुजुर्ग पेंशनर्स को भुगतना पड़ रहा है. जूली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में OPD में कैशलेश दवाएं मिलना बंद हो गई है और मरीज इलाज के लिए दर-दर भटक रहे हैं. विपक्ष ने सरकार इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है.
उधर, प्रदेश में LPG संकट को लेकर भी कांग्रेस मुखर है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश में ईंधन संकट पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता LPG सिलेंडर के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है. बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने आम आदमी का जीना मुश्किल हो रहा है. जूली ने सवाल उठाया कि क्या ऐसे गंभीर समय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सभी दलों को साथ लेकर सर्वदलीय बैठक नहीं बुलानी चाहिए थी ? ताकि मिलकर इस संकट का समाधान निकाला जा सके.
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के विजन की याद दिलाते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जो लोग तुलना की बात करते हैं, उन्हें एक बार अस्पतालों की जमीनी हकीकत देख लेनी चाहिए। कांग्रेस के समय जो स्वास्थ्य ढांचा खड़ा किया गया था, उसे भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया है, आज प्रदेश कराह रहा है और मुख्यमंत्री दिल्ली घूम रहे हैं. जूली ने कहा कि अब विज्ञापनों के झूठ से जनता को और अधिक गुमराह नहीं किया जा सकता.
Rajasthan news। Rajasthan politics। Tikaram Jully। Bhajanlal Sharma। RGHS scheme। LPG crisis Rajasthan। Pensioners issue










